मामूली विवाद में शराबी दामाद ने ली ससुर की जान

लाठी से ससुर को पीटकर किया लहुलुहान 


गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र के बिहरा गांव में बीती रात शराबी दामाद ने ममुली कहासुनी के बाद, अपनी ससुराल में ही अपने ससुर को पीटकर लहुलुहान कर दिया जिसकी बाद में मौत हो गयी।

      बताया गया कि मृतक गुदरी राम (65 वर्ष) का दामाद संजय राम (42 वर्ष), निवासी बैरान, थाना मुहम्मदाबाद पिछले चार महीनों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहा था। वह शराब का आदी था और पीने के उपरांत अक्सर परिवार में झगड़ता रहता था।

          गत रात भी वह शराब के नशे में होकर किसी बात पर को लेकर वह अपने ससुर गुदरी राम से झगड़ने लगा। वह बात इतनी बढ़ गई कि  शराब के नशे में धुत संजय राम ने आपे से बाहर हो गया और घर में रखी लाठी से गुदरी राम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर लहुलुहान कर दिया। परिवार के लोग घायल गुदरी राम को तत्काल इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले गये। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गुदरी राम को घर भेज दिया गया। रात में गुदरी राम की स्थिति बिगड़ने लगी और सुबह में उन्होंने दम तोड दिया। पिता के मृत्यु की सूचना पर मृतक की पुत्री रेशमी ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना से अवगत होते ही बिरनो थानाध्यक्ष बालेंद्र कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र मुन्ना राम की तहरीर पर बिरनो पुलिस ने आरोपी संजय राम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनिल चंद तिवारी ने भी मौके का निरीक्षण कर परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।

Views: 84

Advertisements

Leave a Reply