मारपीट में घायल दुल्हे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
तमंचा लहराने वाला अभियुक्त चढ़ा पुलिस के राडार पर, अन्य आरोपियों की सुरागरसी में लगी पुलिस
गाजीपुर । दिलदारनगर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में गुरुवार की रात आई बारात में जयमाल स्टेज पर फोटो खींचने व डीजे पर नाचने को लेकर उपजे विवाद में घरातियों ने बारातियों को मारपीट कर घायल कर दिया।
बताया गया कि रेवतीपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव निवासी ब्रिगेडियर राम के पुत्र राकेश राम की बारात जगदीशपुर निवासी राजेंद्र राम के यहां गई थी। जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था।जयमाल स्टेज पर फ़ोटो खींचने को लेकर घराती व बारातियों के युवकों में भिड़ंत हो गया लेकिन लोगों ने बीच बचाव कर किसी तरह मामले को शांत कराया लेकिन स्टेज पर ही दूल्हे के भाई नितेश के सिर पर पीछे से बोतल से मार कर किसी ने लहूलुहान कर दिया, जिससे स्थिति बिगड़ गयी। कुछ देर बाद दर्जनों की संख्या में गांव के लोग लाठी डंडा लेकर पहुंचे और टेंट में बैठे बरातियों सहित दूल्हा राकेश के पिता ब्रिगेडियर राम को पीटने लगे। यह देख दूल्हा
जयमाल स्टेज से उतरकर पिता को छुड़ाने गया तो ग्रामीणों ने उसको भी लाठी व डंडा से पीटकर कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पाकर 112 पुलिस पहुंची और थाना को सूचना दिया। सूचना पर थाने से निरीक्षक अशोक मिश्रा भी दल बल के साथ पहुंचे और घायलों को सीएचसी भदौरा लेकर पहुंचे जहां सिर में गंभीर चोट लगने से दूल्हा राकेश को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया । वहां उपचार के दौरान शुक्रवार की शाम राकेश की मौत हो गई।
पिता ब्रिगेडियर राम की तहरीर पर पुलिस ने ताजपुर मांझा निवासी विनोद राम, जगदीशपुर निवासी प्रदीप उर्फ कल्लू, मोनू राम, पप्पू, बाघा राम उर्फ मिथलेश, विशाल राम, सकलू और विपिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें विशाल राम शादी में तमंचा लहरा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ताजपुर मांझा निवासी विशाल राम को देशी तमंचा के साथ शुक्रवार की रात फूली नहर पुलिया से गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही करते हुए उसे न्यायालय के सुपुर्द कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक मिश्रा ने बताया कि पीड़ित के तहरीर पर आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक की गिरफ्तारी की गई है। शेष सात आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।
Views: 174








