जर्जर विद्युत तारों ने फैलाया अंधेरा
त्रस्त ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
गाजीपुर। मुहम्मदाबाद क्षेत्र के शेरपुर ग्राम पंचायत में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों को अंधेरे में रहने को विवश होना पड़ रहा है। वर्ष 1960 में लगाए गए बिजली के तार पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं और लगातार टुटते रहते हैं। इन टूटते तारों के कारण क्षेत्र में आए दिन फ्यूज उड़ रहे हैं, जिससे बिजली की आपूर्ति बाधित हो रही है। बिजली अनापूर्ति के कारण गर्मी में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बताते चलें कि बिजली विभाग ने पुराने तार हटाकर नए केबल फैलाने का कार्य शुरू हुआ तो ग्रामीणों की आस जगी कि अब उन्हें भी ठीक से विद्युत आपूर्ति होगी, लेकिन उनका यह सपना दिवास्वप्न बन कर रह गया। कारण था कि केबल फैलाने वाले विभागीय ठेकेदार कार्य अधूरा छोड़कर मौके से फरार हो गये। खम्भों पर लटक रहे खुले जर्जर तार हवा के झोंके से भी आपस में टकराते रहते हैं जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है और बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
इस गंभीर समस्या से त्रस्त ग्रामीणों की मांग समाजसेवी आनंद राय पहलवान ने अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का शीघ्र उचित समाधान नहीं किया गया, तो गांव के ग्रामीणजन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर अनिल राय, शशिकांत राय, धर्मराज राय, सुशील राय, पंकज राय समेत अनेकों ग्रामीण शामिल हुए और एक स्वर में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि अब वे अंधेरे में नहीं रह सकते, या तो व्यवस्था सुधरेगी या वे सड़क पर उतरेंगे।
Views: 63







