फोरलेन निर्माण के दौरान डायवर्जन बोर्ड न लगने से हुआ हादसा 

सुरक्षा मानकों की लापरवाही से बस हादसे में 6 घायल


गाजीपुर। वाराणसी से 42 यात्रियों को लेकर बिहार प्रांत के मोतीहारी जा रही शाही रथ यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। यह हादसा मरदह थाना क्षेत्र के हैदरगंज चट्टी पर मंगलवार सुबह हुआ। इस हादसे में बस में सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से मऊ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

   प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना स्थल पर कोई डायवर्जन बोर्ड नहीं लगा था। बस पहले सड़क किनारे पड़े मिट्टी के ढेर से टकराई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर की तेज आवाज से आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही मरदह थानाध्यक्ष तारावती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और तत्काल जांच शुरू की। वहीं स्थानीय ग्रामीणों का आरोप रहा कि वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन निर्माण के दौरान जिम्मेदार संस्था द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। डायवर्जन बोर्ड न लगाए जाने से इस क्षेत्र में आए दिन हादसे हो रहे हैं, कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी।

Views: 73

Advertisements

Leave a Reply