संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकता मिला युवक का शव

सौतेले भांजे पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का लगाया आरोप


गाजीपुर। सैदपुर कस्बे में सुबह एक फास्ट फूड दुकान से मनीष गुप्ता (24 वर्ष) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई।

    बताया गया कि मृतक मनीष गुप्ता वाराणसी के नदेसर थाना क्षेत्र के अइला सरैया का निवासी था और सैदपुर में अपने सौतेले भांजे राहुल गुप्ता के साथ ‘चाईको बार’ नामक दुकान चलाता था। 

       घटना के सम्बन्ध में बताया गया कि सुबह करीब दस बजे जब राहुल गुप्ता दुकान खोलने पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। बार-बार बुलाने व खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने दूसरी चाबी से दुकान का दरवाजा खोला तो उसने देखा कि वहां मनीष छत के पंखे से लटका पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। वहीं घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की भी चर्चा रही।

        मृतक की गमगीन बहन भाग्यवंती ने आरोप लगाया कि उसका सौतेला भांजा राहुल और उसके परिवार के लोग मनीष को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। मनीष दो साल से घर से दूर था, उसका पैसा राहुल पर बाकी था और उसे भरपेट खाना भी नहीं मिलता था। भाग्यवंती ने आरोप लगाया कि राहुल और उसके परिवार ने मनीष को बहुत तंग किया था। सैदपुर पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। सुसाइड नोट और घटनास्थल से प्राप्त अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांचोपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Views: 68

Advertisements

Leave a Reply