पूर्व विधायक के भाई की बहू का फंदे पर लटका मिला शव

मृतका के पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप


गाजीपुर। नन्दगंज थाना क्षेत्र के डिहियां गांव में शनिवार को विवाहिता ने अपने अबोध शिशु को छोड़ पंखे के सहारे साड़ी के फंदे पर लटक कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।

    यह हादसा सैदपुर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता सुभाष पासी के छोटे भाई मोतीचंद पासी की बहू पूनम पासी ने किया। उसने कमरे में पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। 

      बताते चलें कि 24 वर्षीया पूनम पासी की शादी वर्ष 2023 में मोतीचंद पासी के बेटे विनीत पासी के साथ हुई थी। उनका एक अबोध बेटा वेद महज ग्यारह माह का है। शनिवार को जब काफी देर तक मृतका नजर नहीं आई तो परिवार के लोग उसे खोजते हुए उसके कमरे तक पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनकी घिग्घी बंध गई। उनकी हालत देख कर अन्य लोग जब वहां पहुंचे तो पूनम को कमरे की छत में लटके पंखे से साड़ी के सहारे झूलते पाया। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शाम चार बजे तक मृतका शव मौके पर ही पड़ा रहा। हादसे की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतका के पिता जयराम पासी ने बताया कि उनकी पुत्री पूनम की शादी वर्ष 2023 में पूर्व विधायक सुभाष पासी के भतीजे विनीत पासी से हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग एक लाख रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग को लेकर लगातार पूनम को प्रताड़ित कर रहे थे और इसी बीच अचानक यह घटना हुई है। जयराम पासी की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व विधायक सुभाष पासी, उनकी पत्नी रीना पासी, मृतका के पति विनीत पासी सहित अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का मामला दर्ज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।

Views: 67


Leave a Reply