जल निगम पाईप के लिकेज से सड़क पर बह रहा पानी, अधिकारी दे रहे कोरा आश्वासन
गाज़ीपुर। जल निगम की पाईप के लिकेज से शादियाबाद में जहां महिनों से पानी सड़क पर बह कर बर्बाद हो रहा है वहीं सड़क पर आवागमन में भी असुविधा हो रही है। महिनों से सड़क पर हो रहे जलजमाव से जहां सड़क की स्थिति बदतर होती जा रही है वहीं राहगीर व आस-पास के लोगों को गमनागमन में परेशानियां उठानी पड़ रही हैं।
बताया गया कि शादियाबाद थाना चौराहे के समीप मुख्य सड़क पर काफी दिनों से जल निगम की पाईप के लिकेज होने से पूरी सड़क पर पानी बह रहा है। इससे राहगीरों के अलावा दुकानदारों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पानी एकत्रित होने की वजह से लोगों का उधर से आना जाना दुश्वार हो गया है। लोगों का कहना है कि अधिकारियों को इस बात की जानकारी है फिर भी वह सिर्फ आश्वासन देते रहे हैं। महीनों बीतने के बाद भी अधिकारियों ने पाइप को ठीक कराने की जहमत अभी तक नहीं उठाई है। इसे लेकर बाजारवासियों में तीव्र रोष व्याप्त है। बाजारवासी मोनू अहमद, आफताब सिद्दीकी, रामविलास, अनिल सिंह, बब्लू चौहान, संतोष कश्यप, उमेर सिद्दीकी, मोनू सोनकर, मोनी अहमद, आफताब अंसारीआदि ने जिला अधिकारी व विभागीय उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए यथाशीघ्र टूटे पाइप को ठीक कराने की मांग जनहित में की है। व्यापार मंडल अध्यक्ष शादियाबाद सोनू अहमद ने कहा कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का निदान नहीं किया गया तो हम व्यापारियों संग धरने पर बैठने को मजबूर होगे और इसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
Views: 6








