अजब गजब ! जिद एक सांप की, चालीस दिन में सात बार काटा
दहशत में है परिवार, सपने में सांप ने कहा- नौंवी बार काटने पर तूझे कोई बचा नहीं सकता
लोगों के मनोरंजन के लिए फिल्मों मे दिखाई गयी कपोल कल्पित कहानियां व घटनाएं जब कभी हकीकत में सामने आती हैं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। आज के वैज्ञानिक युग में अधिकांश लोग इस पर विश्वास नहीं करते हैं परन्तु जब वह घटना “प्रत्यक्षम कीं प्रमाणं” के रूप में सामने दिखाई देती हैं तो मजबूरन उन्हें मानने को बाध्य होना पड़ता है।
ऐसी एक और विश्वसनीय घटना तीन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवा थाना क्षेत्र का सौरा गांव इस समय विशेष चर्चा में है। मामला गांव के 24 वर्षीय विकास दुबे का है जिसे अब तक एक सांप चालीस दिन में सात बार काट चुका है।
बताया जाता है कि छह बार तो विकास दूबे पर सांप के काटने का कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ा, लेकिन जब सांप ने सातवीं बार विकास को काटा तो उसकी हालत अत्यन्त गंभीर हो गई और उसे अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है। हैरान करने वाली बात यह है कि विकास को सांप ने हर बार शनिवार और रविवार को ही काटा है। विकास के चाचा ने बताया कि इस बार शनिवार को बाला जी मंदिर जाने की चर्चा की गई थी, लेकिन सांप ने सातवीं बार बृहस्पतिवार की रात को ही काट लिया। इससे विकास का इलाज करने वाले डॉक्टर भी हैरान हैं। डॉक्टर जवाहर लाल ने कहा कि 12 से 14 घंटे के अंदर विकास को होश नहीं आता है तो खतरे की बात हो सकती है।
कहा जा रहा है कि जब विकास को सांप ने तीसरी बार काटा था तो उसे रात में सपना आया था। सपने में सांप ने कहा- मैं तुझे नौ बार काटूंगा। आठवीं बार तक तो तू बच जाएगा, लेकिन नौंवी बार तूझे कोई भी शक्ति, तांत्रिक और डॉक्टर नहीं बचा पायेगा। मैं तुझे अपने साथ ले जाऊंगा। विकास और परिजनों के मुताबिक हर बार सांप के काटने के पहले उसे खतरे का आभास भी हो जाता है। सांप के प्रकोप से बचने के लिए विकास कभी मौसी तो कभी चाचा के घर चला जाता है, लेकिन वहां भी सांप उसे काट ही लेता है। विकास का एक ही अस्पताल में इलाज किया जाता है। वहां अस्पताल के डॉक्टर भी हैरान हैं कि ऐसा कैसे संभव है। परिजनों का कहना है कि विकास को सपने में सांप ने नौ बार काटने की बात कही थी। जिसमें नौवीं बार जीवित नहीं रहने की बात कही थी। अब विकास का परिवार दहशत के साये में जी रहा है। उनका कहना है कि हमलोगों की कुछ समय में नहीं आ रहा है कि कैसे इस सर्प से अपना पीछा छुड़ाएं।
Views: 6








