यही रात अंतिम यही रात भारी, आयी मतदान की बारी
गाजीपुर। लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का चुनाव प्रचार तीस मई की शाम से थम गया। प्रत्याशी अपने अपने सहयोगियों व समर्थकों के साथ अंतिम रणनीति बनाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के प्रयास में लगे हैं। वे सभी मतदान केन्द्रों पर अपने विशेष लोगों को एजेन्ट बनाने तथा सही सलामत मतदान सम्पन्न कराने में लगे हैं
उल्लेखनीय है कि एक जून को गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के 20 लाख 74 हजार 301 मतदाता यहां के दस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। वर्तमान गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र में पांच विधानसभा जखनियां, सैदपुर, गाजीपुर सदर, जंगीपुर और जमानियां शामिल है। गाजीपुर लोकसभा में सबसे अधिक मतदाता जखनियां विधानसभा में और सबसे कम मतदाता गाजीपुर सदर विधानसभा में हैं।
जखनियां में कुल 4 लाख 53 हजार 925 मतदाता हैं। जिसमे दो लाख 41 हजार 409 पुरुष, दो लाख 12 हजार 503 महिला और 13 थर्ड जेंडर शामिल हैं। सैदपुर में 4 लाख 15 हजार 480 मतदाता हैं जिसमे दो लाख 17 हजार 875 पुरुष, एक लाख 97 हजार 588 महिला, 17 थर्ड जेंडर शामिल हैं। गाजीपुर सदर में तीन लाख 77 हजार 670 मतदाता हैं जिसमे एक लाख 95 हजार 857 पुरुष, एक लाख 81 हजार 810 महिला, थर्ड जेंडर की संख्या 3 है। जंगीपुर विधानसभा में तीन 86 हजार 427 मतदाता हैं जिसमे दो लाख 3720 पुरुष, एक लाख 82 हजार 702 महिला, थर्ड जेंडर पांच हैं। जमानियां विधानसभा में कुल 4 लाख 40 हजार 799 मतदाता हैं। जिसमे दो लाख 32 हजार 336 पुरुष, दो लाख 8426 महिला मतदाता है। थर्ड जेंडर की संख्या 10 है।
गाजीपुर जिले की दो विधानसभा मुहम्मदाबाद और जहुराबाद वर्तमान समय में
बलिया लोकसभा सीट का हिस्सा है। मुहम्मदाबाद विधानसभा में कुल 4 लाख 35 हजार 181 मतदाता हैं। जिसमे दो लाख 33 हजार 289 पुरुष, दो लाख 1865 महिला और थर्ड जेंडर 27 मतदाता हैं। जहुराबाद में 4 लाख 23 हजार 406 मतदाता है। जिसमे दो लाख 23 हजार 679 पुरुष, और एक लाख 99 हजार 717 महिला तथा थर्ड जेंडर की संख्या 10 है।
वैसे गाज़ीपुर का चुनाव त्रिकोणीय स्थिति में है जिसमें भाजपा, सपा और बसपा मुख्य भूमिका में हैं। सभी उम्मीदवार व उनके समर्थक अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। एक जून को जिले के मतदाता किसके सिर जीत का सेहरा बांधेंगे और किसे अपना सांसद बनाकर लोकसभा में पहुंचायेंगे, यह भविष्य के गर्भ में है। इससे पर्दा तो चार जून को मतगणना के बाद ही होगा।
Views: 11









