राजस्वकर्मियों ने चर्चित भूमि विवाद का कराया अंत 

गाजीपुर। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र में  दशकों से चल रहे चर्चित भूमि विवाद को आखिरकार राजस्वकर्मियों ने आपसी समझौते के आधार पर समाप्त करा कर सराहनीय कार्य किया।

      तहसील एवं राजस्व  कर्मचारीगण धीरेंद्र कुमार सिंह, लेखपाल राजदेवपुर देहाती, शिवाजी सिंह लेखपाल गोंडा देहाती, सत्य प्रकाश पूर्व लेखपाल गोंडा देहाती एवं सत्यदेव वर्मा पूर्व लेखपाल गोंडा देहाती ने चार माह के   संयुक्त प्रयास से गाजीपुर शहर से लगे गोंडा देहाती के आराजी नंबर 110 ,112 और 111 में दशकों से चल रहे भूमि विवाद को समाप्त करा दिया। 

       उल्लेखनीय है कि गाज़ीपुर सिटी रेलवे स्टेशन के निकट फूलनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर स्थित जमीन पर, मुख्तार अंसारी गिरोह के सक्रिय सदस्य रहे बाहुबली स्व. कमलेश सिंह ने कब्जा कर रखा था। इसी जमीन के कुछ अंश पर अनिल कुमार उपाध्याय, अवधेश यादव, सुमन सिंह, संजय यादव एडवोकेट,संजय सिंह आदि लोगों ने भी अपना बैनामा करा रखा था।  बाहुबली स्व. कमलेश सिंह द्वारा इन लोगों को अपनी जमीन पर कब्जा दखल करने एवं मकान बनाने से रोका जाता रहा। इस संबंध में दीवानी, फौजदारी एवं राजस्व न्यायालय में दर्जनों मुकदमें चलते रहे और कई बार तो गोली चलने एवं हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इस संबंध में स्व. कमलेश सिंह को कई बार जेल भी जाना पड़ा था। करीब 5 वर्ष पूर्व कमलेश सिंह की मृत्यु के पश्चात उनकी पत्नी श्रीमती उषा सिंह एवं पुत्र कुलदीप सिंह भी मुकदमें की पैरवी करते रहे, किंतु सक्षम न्यायालय द्वारा भी कोई निस्तारण नहीं हो पाया। कुछ पीड़ितों द्वारा मामला राजस्व न्यायालय में ले जाया गया जिसको निपटाने की  जिम्मेदारी स्थानीय लेखपाल शिवाजी सिंह को मिली ।उन्होंने  लेखपाल धीरेंद्र सिंह जो एक कर्मठ एवं व्यवहार कुशल व्यक्ति हैं को अपने साथ लेकर इस विवाद को हल करने की पहल की। धीरेंद्र सिंह ने लेखपाल सत्यपाल एवं शिवजी सिंह के साथ मिलकर दोनों पक्षों को बैठाया और लगातार चार महीने तक बातचीत कर इस असंभव सा दिखने वाले भूमि विवाद को हलकर कर सभी   पक्षकारों को अपना-अपना हिस्सा देकर कब्जा  दखल करा दिया। सभी पक्षकारों ने भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न कर एक दूसरे को सहयोग देने की बात कही।

Views: 159

Leave a Reply