वायु सेना व सीआरसी ने चलाया दिव्यांगजन जागरूकता अभियान
गोरखपुर। समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र- (सीआरसी) तथा एयर फोर्स स्टेशन- गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जन जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर से लगभग 350 से ज्यादा लोगों ने प्रतिभाग किया।
यह कार्यक्रम दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम- 2016: दिव्यांगता पुनर्वास एवं सेवाएं जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डा. विवेक कुमार, ग्रूप कैप्टन, 12 एयर फोर्स हॉस्पिटल गोरखपुर एवं जितेन्द्र यादव, निदेशक, सीआरसी गोरखपुर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में वायु सेना अस्पताल गोरखपुर के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, वायुसेना कर्मियों ने प्रतिभाग किया तथा इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण संवाद 2.0 वर्चुअल प्लेटफार्म द्वारा देशभर के अन्य एयर फोर्स स्टेशन के लिए किया गया जिसमें देश के विभिन्न भागों में स्थित एयर फोर्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ व दिव्यांगजन अभिभावकों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही सीआरसी गोरखपुर के पुनर्वास विशेषज्ञों के समक्ष अपनी समस्या रखा व समाधान प्राप्त किया। प्रवक्ता, भौतिक चिकित्सा, विजय कुमार गुप्ता ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के समस्त अध्याय एवं गामक दिव्यांगता, पहचान एवं प्रबंधन विषय पर अपना पक्ष रखा। विकासात्मक चिकित्सक, संजय प्रताप सिंह ने 0 से 6 वर्ष के बच्चों की विकासात्मक दिव्यांगता के लक्षण, कारण एवं निवारण विषय पर जानकारी दी। ओरियंटेशन एंड मोबिलिटी विशेषज्ञ, नागेंद्र पांडेय ने दृष्टिबाधित एवं अल्पदृष्टि व्यक्तियों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक पुनर्वास पर विचार रखा।
पुनर्वास अधिकारी, राजेश कुमार यादव ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न प्रकार की सेवाओं एवं योजनाओं के विषय में विस्तार से बताया। मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सहायक प्राध्यापक नैदानिक मनोविज्ञान, राजेश कुमार ने बतलाया कि अपने रोजमर्रा के जीवन में पारिवारिक एवं कार्यस्थल पर कैसे समायोजन स्थापित करते हुए तनाव को प्रबंधित किया जा सकता है।
कार्यक्रम अध्यक्ष, जितेन्द्र यादव, निदेशक, सीआरसी गोरखपुर ने सीआरसी- गोरखपुर की स्थापना से लेकर के अब तक किए गए प्रमुख कार्यों पर प्रकाश डाला। ग्रूप कैप्टन, डॉ विवेक कुमार (बाल रोग विशेषज्ञ), 12 एयर फोर्स हॉस्पिटल, गोरखपुर ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का संचालन स्क्वाड्रन लीडर, डा. रवि प्रकाश (बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा किया गया।
Views: 10








