महामना व अटल बिहारी बाजपेई के आदर्श समाज के लिए अनुकरणीय – मनोज सिन्हा 

विद्यालय में ससमारोह मनाई गयी महामना जयन्ती 


गाजीपुर। आज हम उन मनीषियों की जयन्ती मना रहे हैं, उनका पूरा जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पित रहा। इन्होंने संपूर्ण राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। भारत के आधुनिक औद्योगिक विकास में मालवीय जी का अमूल्य योगदान रहा और अटल बिहारी वाजपेई जी की अटूट आस्था लोक कल्याण के प्रति रही। महामना मदनमोहन मालवीय द्वारा स्थापित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय आज भी उच्च शिक्षा का केन्द्र है। जहां उनकी सोच आज भी परिलक्षित होती है। अटल जी में समाज के वंचित लोगों के लिए परिस्थितियों में परिवर्तन करने की क्षमता थी,वे चाहते थे कि समाजिकता का पूरा लाभ सभी को मिले।

         उक्त उद्गार महामहिम उप राज्यपाल जम्मू एवं कश्मीर मनोज सिन्हा ने मां सरस्वती के वरद पुत्र, सामाजिक चेतना के उत्प्रेरक युगदृष्टा भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जयंती समारोह में मुख्य अतिथि पद से व्यक्त किया।

       उन्होंने कहा कि हमें प्रति वर्ष यहां आने का मौका मिलता है। मैं यहां देश के भविष्य के निर्माता बच्चों के साथ रुबरु होता हूं, यह मेरे जीवन को ऊर्जा देता है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा जनता के हित में संचालित की जा रही योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि आज सभी को शौचालय, एलपीजी गैस कनेक्शन , पांच लाख रुपए तक की मुफ्त इलाज का इंतजाम किया गया है। आज भारत विश्व में तीसरे स्थान पर खड़ा है। इसमें बहनों का भी योगदान रहा है। महिला सशक्तिकरण हेतु सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

     पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज सिखड़ी में आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि महामहिम मनोज सिन्हा उपराज्यपाल जम्मू एवं कश्मीर, विशिष्ट अतिथि रविंद्र जायसवाल स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार उ.प्र. तथा कार्यक्रम के अध्यक्ष केदारनाथ सिंह पूर्व सदस्य विधान परिषद उ. प्र. द्वारा मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महामना और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

          अतिथियों ने अपने उद्बोधन में महामना तथा अटल बिहारी वाजपेई के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उसका अनुसरण करने की सलाह दी। समारोह में विद्यालय के छात्र छात्रों द्वारा प्रस्तुत संस्कृतिक, ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों की धूम रही। पात्रों के जीवन्त अभिनय को देखकर उपस्थित दर्शक भाव विभोर हो उठे। 

          कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, भाजपा के जिला अध्यक्ष सुनील सिंह, विजय मिश्रा, राकेश दत्त त्रिपाठी, दयाशंकर सिह, हरिनाथ यादव सहित महाविद्यालयों के प्रबंधक, शिक्षक, राजनीतिक तथा विभिन्न संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों के साथ ही साथ क्षेत्रीय गणमान्यजन व अभिभावक जन मौजूद रहे। समारोह का सफल संचालन आचार्य गौरीशंकर पांडेय तथा आभार ज्ञापन विद्यालय के प्रबंधक पारस नाथ राय ने किया।

Views: 11

Advertisements

Leave a Reply