प्रधानमंत्री मोदी ने नमो घाट पर किया काशी तमिल संगमम 2.0 का उद्घाटन

बिखरती गुलाब की पंखुड़ियों और शंखनाद के बीच गूंजा मोदी-मोदी


वाराणसी। हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच नमो घाट पर काशी तमिल संगमम 2.0 का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर किया।

           भारी भीड़ के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अन्य नेता वाराणसी के नमो घाट पर काशी तमिल संगमम 2.0 के उद्घाटन में शामिल हुए।

         अपने सम्बोधन में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “आज इस पवित्र नमो घाट पर काशी नगरी में काशी-तमिल संगमम का द्वितीय संस्करण शुरू हो रहा है। वाराणसी इतिहास से भी पुराना है। यह सभ्यता  संपन्न और अद्वितीय है।

         मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कहा की “काशी-तमिल संगमम का यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का परिणाम है। इससे दक्षिण भारत का उत्तर भारत से अद्भुत संगम हो रहा है। इस आयोजन की परिकल्पना से एक भारत-श्रेष्ठ भारत की चेतना को जागृत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने जिस बड़े अभियान को आगे बढ़ाया है, हम सब इसके प्रति आभारी हैं।

      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने विशेष अंदाज में कहा कि “तमिलनाडु से काशी आने को महादेव के एक घर से दूसरे घर आना है। तमिलनाडु से काशी आने का मतलब है मदुरै मीनाक्षी के यहां से काशी विशालाक्षी के यहां आना। इसलिए तमिलनाडु और काशी वासियों के बीच जो प्रेम है, जो संबंध है वह अद्वितीय है। मुझे विश्वास है काशी के लोग आप सभी की सेवा में कोई कमी नहीं छोड़ रहे होंगे। आप जब यहां से जाएंगे तो बाबा काशीविश्वनाथ के आशीर्वाद के साथ-साथ काशी का स्वाद, काशी की संस्कृति और काशी की स्मृतियां भी ले जाएंगे।” बता दें कि काशी तमिल संगमम में पहली बार पीएम के भाषण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल हुआ। पीएम मोदी का हिंदी का भाषण लाइव तमिल में ट्रांसलेट हुआ और नमो घाट पर मौजूद तमिलनाडु के लोगों ने उसे हेडफोन पर सुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले वर्ष काशी तमिल संगमम शुरू होने के बाद से ही इस यात्रा में दिनों-दिन लाखों लोग जुड़ते जा रहे हैं। विभिन्न मठों के धर्मगुरू, छात्र, तमाम कलाकार… कितने ही क्षेत्र को लोगों को इस संगमम से आपसी संवाद और संपर्क का एक प्रभावी मंच मिला है। मुझे खुशी है कि इस संगमम को सफल बनाने के लिए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और आई आई टी मद्रास भी साथ आए हैं।”

        नमो घाट पर काशी तमिल संगमम 2.0 का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी बरेका गेस्ट हाउस के लिए निकले। वहां रात्रि विश्राम करने के बाद कल यानी18 दिसंबर की सुबह बरेका गेस्ट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों से भी मुलाकात कर सकते हैं। फिलहाल पार्टी स्तर से कोई सूची नहीं बनाई गई है। मगर माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को जानने के लिए पीएम कुछ पदाधिकारियों को अपने पास बुला सकते हैं।

      सोमवार को प्रधानमंत्री काशी में हेलिकाॅप्टर से भ्रमण करेंगे। पीएम मोदी का दो दिवसीय दौरा  खास रहा है। इसमें 17 दिसंबर को प्रधानमंत्री के सभी कार्यक्रम शहर में सड़क मार्ग से रहे। अगले दिन सोमवार को ध्यान में रखते हुए उनके सभी भ्रमण हेलिकाॅप्टर से तय किए गए हैं। वे बरेका से पहले उमरहा और फिर बरकी जाएंगे। वहां कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे हवाई मार्ग से ही बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के विशेष विमान से करीब तीन बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या,कैबिनेट मंत्री और विधायक अनिल राजभर, विधायक पिंडरा अवधेश सिंह, अजागरा विधायक त्रिभुवन राम आदि लोग मौजूद रहे। वहीं एयरपोर्ट मुख्य गेट के बाहर प्रधानमंत्री का स्वागत करने वालो में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री जेपी दुबे, हौशीला पांडे, ब्लाक प्रमुख हरहुआ विनोद उपाध्याय बब्बू, अरुण मिश्रा बबलू, रविशंकर मिश्रा, दुर्गेश सिंह, मंडल अध्यक्ष अरविंद मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

        प्रधानमंत्री का काफिला सड़क मार्ग से शहर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में भारी संख्या में कार्यकर्ता व जनता कतार बद्ध होकर फूल वर्षा के साथ ही ढोल नगाड़ों की थाप बजती रही। प्रधानमंत्री अपने कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन करते रहे। 

    इस दौरान प्रधानमंत्री ने सड़क से गुजर रहे एंबुलेंस को पास दिलाया। प्रधानमंत्री मोदी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल ग्राउंड में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा (शहरी क्षेत्र) कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने वहां लगाये गये विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल पर जाकर उनका अवलोकन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना आदि के स्टॉल पर जाकर लाभार्थियों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं के बारे में फीडबैक भी लिया। इस दौरान उन्होंने छोटे स्कूली बच्चों से भी संवाद किया। वहीं स्मार्ट सिटी के तहत कराए जा रहे कार्यों के बारे में भी प्रधानमंत्री ने जानकारी ली। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के लिए शपथ भी दिलाई।

            अपने सम्बोधन में पीएम मोदी ने कहा कि देश के सभी लोग विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं तो मेरा भी फर्ज बनता था कि मैं भी इसमें हिस्सा लूं। मैं आपके सेवक व आपके सांसद के रूप में आज  आया हूं। आज हम सब ये सोच लें कि हमें देश को आगे ले जाना है। आज ये बीज बो दो तो 2047 में ये वटवृक्ष आपके बच्चों को फल देगा। मन बन जाए तो मंजिल दूर नहीं होती। आपने मुझे देश का काम दिया है उसे महादेव की कृपा से मैं जरूर पूरा करूंगा। विकसित भारत के संकल्प को मजबूत कीजिए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “देश के सभी लोग विकसित भारत संकल्प यात्रा को सफल बनाने के लिए समय दे रहे हैं। मैं भी इस यात्रा में हिस्सा लेने आया हूं।  प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर 140 करोड़ देशवासी इस संकल्प से भर जाएं कि अब देश को आगे ले जाना है, हर एक की जिंदगी बदलनी है। तो अगले 25 साल में देश विकसित भारत बनके रहेगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा हम सबका बहुत बड़ा संकल्प है, जिसे हमें सिद्ध करना है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालू सहित तमाम गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में योजनाओं के लाभार्थी मौजूद रहे।

Views: 6


Leave a Reply