बलिदानी परिवार को प्रदेश सरकार से मिला हर सहयोग का आश्वासन 

आर्थिक सहायता के पचास लाख रुपए के चेक के साथ परिवहन मंत्री पहुंचे बलिदानी के घर


गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) दयाशंकर सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित शहीद अखिलेश कुमार राय के शेरपुर  खुर्द पैतृक आवास पहुंचकर शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को ढाढ़स बढ़ाते हुए कहा कि देश सेवा में शहीद अखिलेश कुमार राय के परिवार के इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। सरकार परिवार की हर संभव उनकी मदद के लिए तैयार है।

        इसके साथ ही मंत्रीजी ने, मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घोषित बलिदानी अखिलेश कुमार राय की पत्नी विन्ध्या के नाम जारी  पचास लाख रुपए का चेक शहीद की पत्नी विंध्य राय के अस्वस्थ होने के कारण उनकी पुत्रियों एवं पुत्र को सौंपा। इस अवसर पर बलिदानी परिवार के सदस्यों के अलावा अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी आशुतोष कुमार अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे। 

         बताते चलें कि थाना भांवरकोल क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर खुर्द गांव के अखिलेश कुमार राय पुत्र स्व. छब्बन राय बीएसएफ में छत्तीसगढ़ में मुख्य आरक्षी (एचसी) जीडी के पद पर कार्यरत थे। गत चौदह दिसम्बर बृहस्पतिवार को वे छत्तीसगढ़ के कांकेर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सड़क टोला गांव में बीएसएफ व जिला पुलिस के जवानों की संयुक्त टीम के साथ गस्त कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे नक्सलियों के बारूदी सुरंग विस्फोट में अखिलेश कुमार राय शहीद हो गए थे। 

Views: 5

Advertisements

Leave a Reply