पूर्वांचल विश्वविद्यालय की लापरवाही से परीक्षार्थियों में रही अफरातफरी 

गाज़ीपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय से सम्बद्ध महाविद्यालयों में पूर्व निर्धारित समय सारिणी के अनुसार शुक्रवार 17 मार्च को अपरान्ह 1.30 से 3.00 बजे तक आयोजित परीक्षा को लेकर परिक्षार्थियों में अफरा तफरी का माहौल रहा।

  बताते चलें कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार स्नातक भाग दो के तृतीय सेमेस्टर के करिकुलर पेपर – मानव मूल्य एवं पर्यावरण प्रश्नपत्र की परीक्षा होनी थी। परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु परीक्षार्थी नियत समय से परीक्षा केंद्र पर पहुचे। परीक्षा आरंभ होने पर उन्हें जो प्रश्न पत्र दिया गया वह मात्र अंग्रेजी भाषा में छपा था अर्थात विश्वविद्यालय द्वारा इस परीक्षा के लिए भेजे गए प्रश्न पत्रों में केवल अंग्रेजी भाषा में ही प्रश्न दिए गये थे। 

मजे की बात तो यह थी कि प्रश्न पत्र के प्रथम पेज पर दिए गए निर्देश हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में छपे थे लेकिन प्रश्न पत्रों से हिंदी का नामोनिशान गायब था। इसे देखकर परीक्षार्थियों में रोष देखा गया। ऐसा होने के कारण  पूर्वांचल विश्वविद्यालय से सम्बद्ध  सभी परीक्षा केंद्रों पर अफरातफरी की स्थिति बन गयी। परीक्षार्थियों का कहना रहा कि अभी तक सभी प्रश्नपत्र दो भाषाओं हिन्दी व अंग्रेजी में बनते रहे हैं। इस वर्ष अचानक वगैर किसी सूचना के विश्वविद्यालय द्वारा ऐसा किया गया है। विश्वविद्यालय की इस लापरवाही के चलते हजारों छात्रों को परेशानी झेलनी पड़ी है।

परीक्षा केंद्र संचालकों ने इस स्थिति को सम्हालते हुए  विश्वविद्यालय के आला अफसरों को इस संबंध में जानकारी भी दी परन्तु फिर भी कोई यथोचित हल नहीं निकल सका। इस सम्बन्ध में जानकारी हेतु पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक से जानकारी हेतु सम्पर्क का प्रयास किया गया परन्तु मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण इस प्रकरण में उनके स्तर से कोई जानकारी नहीं  मिल सकी।

Visits: 472

Leave a Reply