सामाजिक सौहार्द के रूप में मनायी गयी होली

गाजीपुर। रंगोत्सव का मशहूर पर्व होली जिले के समस्त क्षेत्रों में पारंपरिक ढंग से उत्साहपूर्वक उमंग, जोश और मस्ती के साथ मनाया गया। सतरंगी रंगों से रंगे पुते चेहरे के साथ लोग रंगों में सराबोर नजर आए। झाल मंजीरा और डीजे आर्केस्ट्रा के साथ युवाओं ने जमकर नृत्य और कबिरा का रसास्वादन किया। 

         इससे लोगों ने होलिका दहन के साथ ही बुराइयों से दूर रहने का संकल्प लिया। आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाते हुए लोगों ने एक दूसरे को प्रेम स्नेह की गुलाल-अबीर लगाकर होली की बधाई दी। गांवों में ढोल बजाकर होली के लोकगीत गाए गये। घर-घर जाकर लोगों ने सामाजिक सौहार्द बनाकर दूसरों को रंग गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। लोग पुरानी कटुता को भूल आपस में गले मिले। महिलाओं ने आपस में अबीर-गुलाल लगाकर भारतीय संस्कृति का प्रतीक होली के रंग अनेकता में एकता को दर्शाया और खूब मस्ती की। रंगों से सराबोर लोग रंग बरसे भींगे चुनरवाली…जैसे होली गीतों पर जमकर थिरकते नजर आए। सुबह से दोपहर तक लोगों ने एक दूसरे को जमकर रंग लगाया और अपराह्न बाद से रात तक अबीर गुलाल लगाकर एक-दूसरे को गले लगाया। घरों में गुझिया, नमकीन, चिप्स, पापड़, पकौड़ी और अन्य लजीज पकवान बनाए गये, जिसका लोगों ने स्वाद चखा। शांति और सुरक्षा व्यवस्था हेतु क्षेत्रीय पुलिस टीमें में लगातार क्षेत्र में चक्रमण करती रहीं।

Views: 73

Leave a Reply