विनोद कुमार पांडेय अध्यक्ष तो देवब्रत विश्वकर्मा बने महामंत्री

गाजीपुर। गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन की निर्वाचन प्रक्रिया अपने कार्यक्रमानुसार एसोसिएशन कार्यालय पर रविवार को गहमागहमी के बीच संपन्न हुई।
चुनाव अधिकारियों के निर्देशन में सम्मानित सदस्यों के सहयोग से चुनाव सकुशल संपन्न हुआ। चुनावोपरान्त हुई मतगणना में अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष विनोद कुमार पाण्डेय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सूर्यवीर सिंह को 02 मतों से पराजित किया। मतगणना के अनुसार विनोद कुमार पांडेय को 39 मत तथा सूर्यवीर सिंह को 37 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष के दो पदों पर हुई मतगणना में अभिषेक कुमार सिंह को 53 मत, शिव प्रताप तिवारी भोलू को 42 मत तथा शिवेश कुमार पाण्डेय पंकज को 48 मत प्राप्त हुआ। प्राप्त मतों के आधार पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक कुमार सिंह तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिवेश कुमार पाण्डेय को विजयी घोषित किया गया।
इसी प्रकार महामंत्री पद के लिए हुई मतगणना के अनुसार देवव्रत विश्वकर्मा को 43 मत तथा पवन कुमार श्रीवास्तव को 33 मत प्राप्त हुए। प्राप्त मतों के आधार पर देवव्रत विश्वकर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पवन कुमार श्रीवास्तव को 10 मतों से मात दी है।
कोषाध्यक्ष पद पर मात्र एक उम्मीदवार इंद्रासन यादव रहे जो निर्विरोध विजयी घोषित किए गये।
एसोसिएशन के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न चुनाव में चुनाव अधिकारी डॉ.ए.के. राय, आशुतोष त्रिपाठी, दुर्विजय सिंह तथा शिवकुमार ने अपनी भूमिका का निर्वहन सुचारू रूप से किया। चुनाव सकुशल संपन्न होने पर संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने चुनाव अधिकारियों सहित सभी पदाधिकारियों व सम्मानित सदस्यों को उनके सहयोग हेतु आभार ज्ञापित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Visits: 201

Leave a Reply