सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नाम रहे 100 दिन – योगी

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने 25 मार्च 2022 को दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे हो गए हैं।अपनी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकार वार्ता कर सरकार की उपलब्धियों को रखा। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन जनता की सेवा, सुरक्षा और सुशासन को समर्पित रहे हैं। यही कारण है कि पहले विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत, फिर विधान परिषद चुनाव में जीत और अभी हाल ही में आजमगढ़ और रामपुर में हुए लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत सरकार पर जनविश्वास का प्रतीक है। हमने जनता से जो भी वादे किए, वो पूरे किए। अब हम प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की बनाने के लिए काम कर रहे हैं। जिससे कि उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बन सके। प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 10 सेक्टरों को सूचीबद्ध किया जिसकी जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। जिससे कि निवेश से लेकर विकास के हर क्षेत्र में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ सके। प्रदेश में 844 करोड़ रुपये पेशेवर अपराधियों व माफियाओं की संपत्ति जब्त कर की गयी है। 2017 के बाद से अब तक करीब 2925 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त की गई है। यह सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम है। पिछले पांच साल में प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। पहले प्रदेश दंगा और अराजकता के लिए जाना जाता था पर भाजपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि पिछले पांच साल में प्रदेश की जीडीपी दोगुना हुई है साथ ही प्रति व्यक्ति आय भी दोगुना के करीब हुई है। 2017 के पहले प्रदेश का बजट करीब तीन लाख करोड़ था जो कि अब 6 लाख 15 हजार करोड़ हो चुका है। कहा कि यूपी में बीते 100 दिनों में 10 हजार सरकारी नौकरी दी गई है। हमने लक्ष्य रखा है कि प्रदेश के नौजवानों को रोजगार शुरू करने के लिए दो लाख से अधिक का लोन देंगे। यूपी का निर्यात एक लाख 56 हजार करोड़ रुपये का हो गया है। मुख्य मंत्री योगी ने कहा कि 2017 में जब हमारी सरकारी आई थी तो प्रदेश के 86 लाख किसानों का ऋण माफ कर दिया था। 2022 में जब पहली कैबिनेट बैठक हुई तो सरकार ने प्रदेश के 15 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने का निर्णय लिया। यह सरकार की दिशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का शुभारंभ कर रहे हैं। प्रदेश में तेजी से एक्सप्रेस वे का निर्माण हो रहा है। यूपी में इस समय 10 एयरपोर्ट चालू हैं और 9 पर काम हो रहा है।

Views: 70

Leave a Reply