‘गाजीपुर गौरव’ सम्मान से सम्मानित होंगे डाॅ अशोक द्विवेदी

गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज के सैंतीसवें वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह (चेतना महोत्सव-2022) का आयोजन 15 अप्रैल (शुक्रवार) को आयोजित है।
उक्त जानकारी संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने देते हुए बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत पांच दशकों से निरंतर सक्रिय प्रो.राममोहन पाठक (पूर्व कुलपति-दक्षिण भारत हिन्दी प्रचार सभा,चेन्नई एवं नेहरू ग्राम भारती डीम्ड यूनिवर्सिटी,प्रयागराज) होंगें।समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ.आनन्द कुमार सिंह (सदस्य कार्य परिषद-अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय, भोपाल) करेंगे।
संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने बताया कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष दिये जाने वाले ‘गाजीपुर गौरव’ सम्मान से इस वर्ष मुहम्मदाबाद तहसील के सुल्तानपुर ग्राम निवासी डाॅ.अशोक द्विवेदी को दिया जाएगा।विभिन्न पुरस्कारों व सम्मानों से पुरस्कृत व सम्मानित डाॅ.द्विवेदी विगत चार दशकों से भोजपुरी साहित्य साधना में संलग्न हैं। इनकी इसी साधना को दृष्टिगत कर हाल ही में इन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला है। वे विगत चालीस वर्षों से भोजपुरी की लोकप्रिय पत्रिका ‘पाती’ का सम्पादन कर रहे हैं। डाॅ.द्विवेदी का रचना संसार भी विस्तृत है। राम जी क सुगना (निबन्ध संग्रह), गांव के भीतर गांव (कथा संग्रह), फुटल किरिन हजार (गीत संग्रह), बनचरी (उपन्यास), कुछ आग कुछ राग (कविता संग्रह) उनकी प्रमुख कृतियां हैं।
संस्था के संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि समारोह में संस्था के तत्वावधान में विगत वर्ष आयोजित सामान्य ज्ञान, गणित,निबन्ध, चित्रकला एवं विचार-अभिव्यक्ति (हिन्दी व अंग्रेजी) प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न कलाकार रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे।
समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में प्रमुख रूप से हरिनारायण हरीश,डाॅ.अक्षय पाण्डेय,कामेश्वर द्विवेदी,आशुतोष पाण्डेय,डाॅ.रविनन्दन वर्मा,दिग्विजय उपाध्याय,संजीव गुप्त,प्रभाकर त्रिपाठी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Views: 60

Leave a Reply