हत्या ! आपसी विवाद में चली गोली

बाराबंकी, 23 मई 2020। जिले के लोनी कटरा थाना क्षेत्र में पूरे देवीदास पुरवा नाले के समीप रात में खेत में एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। चेहरे पर गोली लगने से मृतक का चेहरा विभत्स हो गया था।
बताया गया है कि रायबरेली जिले के थाना शिवगढ़ के बहुदा गांव निवासी वेद प्रकाश उर्फ बाबू 40वर्ष पुत्र संतराम की उसके घर से करीब दो किमी दूर पूरे देवीदास पुरवा नाला के पास खेत में गोली मार कर हत्या कर दी गई। गोली उसकी पीठ व चेहरे पर मारी गई थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी रोशनी ने बताया कि शुक्रवार की रात जब वह अपने पति को खाना परोस रही थी, तभी एक फोन आने पर उसके पति बाइक लेकर घर से निकले। पूछने पर उन्होंने बताया था कि गांव के दिलीप रावत पुत्र राममनोहर ने उधारी का रुपया देने के लिए बुलाया है।
रोशनी ने बताया कि करीब आधा घंटा बाद फोन किया गया तो वेदप्रकाश का फोन नहीं रिसीव हुआ। दो तीन बार फोन करने पर भी फोन नहीं उठा। उसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद लोगों ने वेद प्रकाश की खोजबीन शुरू की लेकिन रात में उसका कुछ पता नहीं चला।
आज शनिवार की सुबह शव मिलने की सूचना पर मृतक के भाई अमित कुमार परिजनों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक की बाइक खड़ी मिली।
मृतक की पत्नी रोशनी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि दिलीप ने ही अपने साथियों के साथ मिल कर वेद प्रकाश की हत्या की है।बताया कि उनके पति वेदप्रकाश व दिलीप रावत के बीच पांच सौ रुपये के लेनदेन का विवाद था। करीब डेढ़ माह पहले इंजन चोरी के मामले में दिलीप ने उनके पति को जान से मारने की भी धमकी दी थी।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अशोक कुमार ने घटना स्थल की जांच की। इस मामले में कोतवाली प्रभारी नित्यानंद सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Views: 20

Leave a Reply