नाव पलटने से दारोगा,सिपाही समेत तीन की मौत, तैरकर एक पहुंचा किनारे

फतेहपुर, 26 अप्रैल 2020। लॉकडाउन के दौरान गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों की नाव यमुना नदी में पलटने से दरोगा व सिपाही सहित तीन लोग मौत के मुंह में समा गये।
बताया गया कि शनिवार को लॉकडाउन के दौरान ड्यूटी पर किशनपुर थाने के दरोगा रामजीत आरक्षीगण शशिकांत व निर्मल यादव के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे गश्त पर रवाना हुए थे। पुलिस टीम ने यमुना किनारे के लोहंगपुर घाट से नाविक रवि 27 वर्ष को बुलाया और पुलिस टीम नाव से बांदा सीमा तक गयी। बांदा सीमा से जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी,तभी शाम करीब साढ़े छह बजे यमुना नदी की सीमा पर लखनपुर जोरावरपुर गांव के पास पहुंचने पर तेज हवा चलने लगी और नाव अनियंत्रित होकर पलट गई।जिसके चलते पुलिस टीम व नाविक पानी में डूबने लगे।
सिपाही निर्मल किसी तरह करीब चार सौ मीटर तैरकर लोहंगपुर घाट पर पहुंचकर अचेत हो गया। यह हादसा देखकर आसपास मौजूद अन्य नाविक और ग्रामीण दूसरी नाव से नदी में डूबे लोगों की तलाश शुरू कर दी। घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी संजीव सिंह व पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा पुलिस बल मौके पर पहुंचे।थानाध्यक्ष आरके यादव ने नदी मेंजाल डलवाकर गोताखोरों के मदद से खोजबीन शुरू कराई। रात तक तलाशी जारी रही और आज सुबह सभी शव बरामद किया गया।
बताया गया कि किशनपुर थाने में तैनात मृतक दरोगा रामजीत 52 वर्ष जौनपुर जिले के मछलीशहर कोतवाली इलाके के कोटवा गांव के निवासी थे। मृतक सिपाही शशिकांत 25 वर्ष गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र का निवासी था। बिहार निवासी नाविक रवि एक मछली ठेकेदार के यहां काम करता है। सीओ अंशुमान मिश्रा ने बताया कि लॉकडाउन में ड्यूटी पर दरोगा व सिपाही गए थे। यमुना नदी में नाव पलटने से दरोगा व एक सिपाही की मृत्यु हो गयी।
पुलिस अधिकारियों द्वारा पुष्प चक्र अर्पित कर गारद की सलामी के उपरांत उन्हें अंतिम विदाई दी गयी।

Views: 60

Leave a Reply