कारगिल युद्ध! शहीद कमलेश सिंह की 20वीं पुण्यतिथि  पर दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

गाजीपुर, 15 जुन 2019। अपने अदम्य शौर्य व पराक्रम से वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में पाकिस्तानी सेना के दांत खट्टे करते हुए अपनी कुर्बानी देने वाले सेना मेडल विजेता शहीद कमलेश सिंह की 20वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज बिरनो थाना स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। उनकी आदमकद प्रतिमा के समक्ष आयोजित सार्वजनिक श्रद्धांजलि सभा में डॉ. रमाशंकर राजभर ने कहा कि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों के कारण भारत के साथ कई बार छद्म युद्ध करके पीठ में छुरा भोकने का काम किया है लेकिन कमलेश सिंह जैसे वीर शहीदों के कारण उन्हें मुंह की खानी पड़ी।जिला पंचायत सदस्य सुभाष राम ने कहा कि कारगिल शहीद कमलेश सिंह ने जिस अदम्य, साहस और वीरता का परिचय देते शहादत दिया वह पूरे जनपद के साथ-साथ क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, गाजीपुर के पूर्व जिला संयोजक गर्वजीत सिंह ने कहा कि शहीद कमलेश सिंह जी को भारत माँ की रक्षा करने का जिम्मा विरासत में मिला था। उनके पिता कैप्टन अजनाथ सिंह स्वयं सेना में रहकर देश की सेवा किये। उनके दादा भी उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी सेवा दी है लेकिन देश के लिए शहादत का गौरवशाली सम्मान उनके हिस्से में आया। उन्होंने कहा कि कमलेश सिंह के शहादत को आत्मसात करने की आवश्यकता है।श्रद्धांजलि सभा में शहीद कमलेश सिंह अमर रहें और जब तक सूरज चांद रहेगा, कमलेश तेरा नाम रहेगा तथा भारत माता के जय के नारे गूंजते रहें।
भाजपा नेता योगेश सिंह ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीद कमलेश सिंह की शहादत सदैव लोगों को देश सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने तिरंगे को झुकने नही दिया भले ही तिरंगे में लिपटकर आना पड़ा। श्रद्धांजलि सभा को हियुवा जिलाध्यक्ष अमित सिंह, वैभव सिंह, हर्ष सिंह, सिद्धांत सिंह ने संबोधित करते हुए राष्ट्र हित में सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से उड़ी में शहीद विनोद कुशवाहा की माता जी, रामशब्द सिंह, लोहा सिंह, राघवेंद्र सिंह, कार्तिक गुप्ता, आशु सिंह, रूपेश कुमार, अमित सिंह, अजय सिंह, विवेक सिंह, रामविलास सिंह, ऋषिदेव सिंह, आशुतोष सिंह और बिरनों थानाध्यक्ष अव्दुल वसीम सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहें। अध्यक्षता शहीद के पिता कैप्टन अजनाथ सिंह और संचालन पूर्व भाजयुमो महामंत्री दीपक सिंह ने किया।


Views: 10

Advertisements

Leave a Reply