ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

गाजीपुर। वाराणसी-भटनी रेलखंड पर सादात रेलवे स्टेशन के दक्षिणी यार्ड के समीप बुधवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान सादात नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो निवासी पंकज कुमार की पत्नी साधना देवी के रूप में हुई।
बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे दादर एक्सप्रेस डाउन सादात स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान किलोमीटर संख्या 108 के पास साधना देवी ट्रेन की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के बाद चालक ने घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद मेमो के माध्यम से सादात पुलिस और औड़िहार आरपीएफ को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर सैदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार, साधना देवी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके पति पंकज कुमार श्रमिक हैं और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। साधना देवी अपने पीछे तीन बच्चों किंजल, प्रांशी और छोटल को छोड़ गई हैं। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
Views: 38









