तीन वाहन चोरों के कब्जे से चोरी की सोलह मोटरसाइकिल बरामद 

गाजीपुर।स्वाट और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चोरी के वाहनों के पार्ट्स अलग कर बेचने का आरोप


गाजीपुर। दोपहिया वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर 16 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें 15 पूरी मोटरसाइकिलें, एक मोटरसाइकिल का इंजन और अन्य कटे हुए पार्ट्स शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद वाहनों में कई के संबंध में गाजीपुर और वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।

      पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई 27/28 अक्टूबर की मध्यरात्रि जंगीपुर थाना क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान प्रवेश राजभर (25वर्ष), अतुल सिंह (29वर्ष) और नीरज राजभर (26वर्ष), निवासी कटयां, थाना सादात, गाजीपुर के रूप में हुई है।

         पूछताछ में आरोपितों ने आर्थिक लाभ के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने और उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आए तथ्यों का स्वतंत्र सत्यापन और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। पुलिस के अनुसार, बरामद छह वाहनों के संबंध में अब तक मुकदमों की जानकारी मिली है। इनमें कोतवाली गाजीपुर में दो, जंगीपुर में दो, करंडा में एक और सैदपुर में एक मामला दर्ज है। एक वाहन के संबंध में वाराणसी के चौबेपुर थाने में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। अन्य वाहनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है। बरामद वाहनों में स्प्लेण्डर प्लस, सुपर स्प्लेण्डर, एचएफ डीलक्स, बजाज एक्ससीडी और सीबीजेड एक्सट्रीम समेत विभिन्न कंपनियों की मोटरसाइकिलें शामिल हैं। एक मोटरसाइकिल का इंजन और चेसिस नंबर अलग-अलग पाए गए। आरोपितों के पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी ई-साक्ष्य के माध्यम से की गई।

      मामले में जंगीपुर थाने में अभियोग दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गयी। कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित बालियान, जंगीपुर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक ओमप्रकाश और मंडी समिति चौकी प्रभारी पन्नेलाल यादव सहित स्वाट और जंगीपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

Views: 23


Leave a Reply