लोकसभा चुनाव ! सपा से डिम्पल यादव ने किया नामांकन

कन्नौज (उत्तर प्रदेश),06 अप्रैल 2019। सपा मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और कन्नौज की मौजूदा सांसद डिम्पल यादव ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोपहर में वे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सपा उपाध्यक्ष किरणमय नंदा व महासचिव रामगोपाल यादव, बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा, जया बच्चन के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और दो सेट में नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार के समक्ष प्रस्तुत किया।
बताते चलें कि नामांकन से पूर्व डिंपल यादव और अखिलेश यादव ने रथ पर सवार होकर रोड शो किया। उनका जुलूस तकरीबन डेढ़ बजे कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां डिंपल ने अपने नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के एक सेट के प्रस्तावक छिबरामऊ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव तथा दूसरे सेट के प्रस्तावक कन्नौज सदर के विधायक अनिल दोहरे रहे।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज ने लोहिया और मुलायम सिंह यादव को जिताकर संसद भेजा था। हमें भी कन्नौज की जनता ने तीन बार आशीर्वाद दिया और दो बार डिंपल यादव को कन्नौज से सांसद बनने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने वादों के खिलाफ काम किया है जिससे बेरोजगारी बढ़ी है। युवा, किसान, मजदूर, व्यापारी, सभी परेशान हैं। भाजपा सिर्फ नफरत फैलाने का काम कर रही है। भाजपा के विरुद्ध इस बार देश में परिवर्तन की लहर है और केंद्र में गठबंधन की सरकार बनेगी जिसमें सपा, बसपा, रालोद की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Visits: 31

Leave a Reply