सनसनी ! अपहरण के बाद हत्या

चित्रकुट, 24 फरवरी 2019। चर्चित तेल व्यवसायी के जुड़वां दोनों बच्चों के अपहरण के बाद आज सुबह उनके शव बांदा जिले के मर्का थाना क्षेत्र के बाकल गांव के पास यमुना नदी से बरामद हुए। अपहृत दोनों भाईयों प्रेयांश व श्रेयांश के शव मिलने से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
बताते चलें कि दोनों मासुमों को दो अपहरणकर्ताओं ने चित्रकूट के मध्य प्रदेश इलाके के सद्गुरू पब्लिक स्कूल से 12 फरवरी को असलहे के बल पर दिन दहाड़े स्कूली बस से अपहरण कर लिया था। उनकी खोज में उत्तर प्रदेश व मध्यप्रदेश की पुलिस के अतिरिक्त दोनों प्रदेशों की एसटीएफ भी उनके सुराग में लगी थी।
चर्चा है कि अपरहणकर्ताओ ने तेल व्यवसायी ब्रजेश रावत से 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी और अपरहणकर्ताओ को धनराशि उनके बताए ठिकाने पर पहुंचा भी दिए गये थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी पदम शुक्ला को उसके साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक स्कूल के सुरक्षा गार्ड का पुत्र, एक कोचिंग चलाने वाले का पुत्र,एक बीटेक का छात्र व एक पुरोहित का बेटा शामिल है। जानकारी के मुताबिक अपहरणकर्ताओं ने अपनी पहचान छुपाने हेतु दोनों बच्चों के हाथ-पैर बांध कर यमुना में फेंक दिया था। इससे आक्रोशित व्यापारियों व जनता ने लामबंद होकर जानकीकुंड परिसर में पथराव किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एमपी व यूपी दोनों तरफ की पुलिस मौके पर पहुंची तो उग्र भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों पर भी पथराव किया। भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ व लाठी भांजकर भीड़ पर नियंत्रण किया।
मर्का थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दियेे गए हैं।

Views: 54

Leave a Reply