लोकसभा चुनाव ! भाजपा की होगी हार

रसड़ा-बलिया(उत्तर प्रदेश),13 अक्टूबर 2018। प्रदेश में भाजपा की सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आज अपने आवास पर पत्र प्रतिनिधियों से वार्ता के क्रम में कहा कि लोकसभा के आगामी चुनाव में भाजपा की पराजय होनी निश्चित है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कानून को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले को पलटने के साथ कई अन्य विवादास्पद कदम भी उठाये हैं। कहा कि अगर भाजपा सरकार अपनी कार्यपद्धति में परिवर्तन नहीं करेगी
तो इस पार्टी की आगामी लोकसभा चुनाव में हार सुनिश्चित है। गोरखपुर, फूलपुर और कैराना लोकसभा उपचुनाव से इसका आगाज हो चुका है। भाजपा जब एससी/एसटी एक्ट को लेकर सीमा लांघेगी और भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण को रिहा करेगी तो ‘लंका दहन’ होना तय है। सपा से अलग होकर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा गठित करने वाले पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती द्वारा खाली किया गया सरकारी बंगला आबंटित किये जाने के बारे में पूछे गये सवाल पर राजभर ने कहा कि सपा को कमजोर करने के लिये शिवपाल को वह आवास आवंटित किया गया है। राजभर ने कहा कि अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे जनता की शिकायतों का निस्तारण नहीं हो रहा है। नौकरशाह शिकायतों के निस्तारण में केवल खानापूर्ति कर रहे हैं। कानून व्यवस्था के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पुलिस मुठभेड़ के बहुत से दावे फर्जी हैं। पुलिस गरीब लोगों को उसके घर या दुकान से उठाती है, उनका दो बार चालान करती है, फिर मुठभेड़ में मार डालती है।

Views: 95

Leave a Reply