आत्महत्या ! पुलिस उप निरीक्षक ने सर्विस पिस्टल से गोली मार कर की आत्महत्या

गाजियाबाद(उत्तर प्रदेश),10 अक्टूबर 2018। जिले के कविनगर थाने में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक विजय कुमार 43 वर्ष ने आज सुबह अपने कमरे में अपनी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। थाने के पुलिसकर्मियों ने घायलावस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार वे मूलतः अलीगढ़ के निवासी थे। आज सुबह करीब साढ़े छह बजे वे अपनी ड्यूटी खत्म कर थाना परिसर में अपने कमरे में पहुंचे और अपनी सर्विस पिस्तौल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज पर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भागकर उनके कमरे में पहुंचे और घायलावस्था में उन्हें तत्काल सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें यशोदा अस्पताल रेफर कर दिया जहां चिकित्सा के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर एसपी सिटी श्लोक सिंह, सीओ आतिश कुमार, थाना प्रभारी कविनगर प्रदीप त्रिपाटी व थाना प्रभारी सिहानी गेट संजय पांडेय भी यशोदा अस्पताल पहुंचे। घटना की सूचना पर मृतक विजय कुमार के परिजन भी सुबह करीब 11 बजे वहां पहुंच गये।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि उप निरीक्षक ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना क्यों और किन परिस्थितियों में घटी इसकी जांच की जा रही है।

Views: 136

Leave a Reply