मिशन शक्ति के तहत छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली

गाजीपुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार को दुल्लहपुर क्षेत्र के जलालाबाद स्थित मां शारदा डिग्री कॉलेज और मां शारदा स्कूल की छात्राओं व छात्राओं ने महिला सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता के लिए पैदल रैली निकाली। महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सुरक्षा, सम्मान और समानता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित रैली रेलवे स्टेशन दुल्लहपुर से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरी।


       रैली में छात्राओं ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकार और समाज में समान भागीदारी से जुड़े संदेश दिए। उन्होंने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने के लिए लोगों को जागरूक किया।

      रैली के दौरान मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जनसामान्य तक पहुंचाने और महिलाओं व बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। छात्राओं ने जागरूकता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों का ध्यान महिला सुरक्षा के मुद्दे की ओर आकर्षित किया।

      इस दौरान दुल्लहपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार, चौकी प्रभारी सविजित यादव, मिशन शक्ति प्रभारी देवेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में रैली अनुशासित ढंग से संपन्न हुई। पुलिसकर्मियों ने भी महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

Views: 5


Leave a Reply