नशा मुक्त भारत अभियान अन्तर्गत दिलाई गई शपथ
गाजीपुर। भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पीजी कॉलेज, मलिकपुरा, में जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम रविवार को सम्पन्न हुआ। इतिहास विभाग के सहायक आचार्य शमशुल कमर के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह ने की।
प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह ने महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ सदस्यों को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा से दूर रहने शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे, अपने परिवार, समाज एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है। यह युवाओं की प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करता है तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं संस्कारयुक्त जीवन अपनाए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “जय हिन्द” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Views: 27










