योग दिवस पर जिले में रही योग कार्यक्रमों की धूम

गाजीपुर। स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग थीम के साथ 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जिले के शहरी, नगरीय व ग्रामीणांचलों में योगाभ्यास के साथ मनाया गया।


        “योगः चित्तवृत्ति निरोधः” अर्थात् योग मन की गतिविधियों पर नियंत्रण करने का उपकरण है। मन को अनुशासित करने का साधन है। सामान्य धारणा के उलट योग केवल व्यायाम या एक्सरसाइज नहीं है।यह आत्मसाक्षात्कार का मार्ग है,जीवन–दर्शन हैं। योगसूत्र में महर्षि पतंजलि ने योग के आठ चरण बताए हैं: यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि।आचरण द्वारा मन को संयम में रखकर आसन व प्राणायाम द्वारा शरीर को स्वस्थ्य रखना और फिर स्वस्थ्य शरीर से अपने आत्मा को जानते हुए परमात्मा तक पहुंचना योग का वास्तविक लक्ष्य है।

        योग दिवस का मुख्य समारोह रिजर्व पुलिस लाइन में रहा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पंचायती राज्य मंत्री उ.प्र.ओम प्रकाश राजभर द्वारा श्रीमती सरिता अग्रवाल ( अध्यक्ष  नगर पालिका परिषद गाजीपुर ), जखानिया विधायक बेदी राम, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डा.ईरज राजा की उपस्थित में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर योगाचार्य द्वारा उपस्थित अधिकारियों, पुलिस कर्मियों व आमजन को योगाभ्यास कराया गया तथा सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने पर बल दिया गया।

         पीजी कॉलेज गाज़ीपुर में प्राचार्य प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्टाफ एवं उनके परिजनों ने योग प्रशिक्षक के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के अन्तर्गत सूर्य नमस्कार, सर्वांगासन, हलासन, धनुरासन, शवासन व विभिन्न प्राणायाम का अभ्यास किया।

          इसी क्रम में राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में प्राचार्य प्रो राजेन्द्र सिंह राजपूत के निर्देशन में तथा विभिन्न शैक्षणिक व चिकित्सा संस्थानों में भी योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्वामी सहजानन्द पीजी कालेज में पतंजलि पीठ, गाज़ीपुर के विशेषज्ञ योग शिक्षकों द्वारा योगाभ्यास एवं प्राणयाम कराया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, पदाधिकारियों एवं एनसीसी, एनएसएस व  महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी तथा पतंजलि पीठ के पदाधिकारी व सदस्य गण उपस्थित रहे। पीजी कॉलेज मलिकपुरा में प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह के निर्देशन व कैप्टन प्रो. चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर 92 बटालियन के प्रशिक्षक दिलीप कुमार (गोरखा रेजिमेंट) द्वारा एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।

       बापू इंटर कॉलेज सादात में प्रधानाचार्य डॉ. उदयभान सिंह की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक अनिल मौर्या के मार्गदर्शन में एनसीसी अधिकारी (एएनओ) शुभम सिंह की देखरेख में 35 सीनियर डिवीजन (एसडी) और 15 सीनियर विंग (एसडब्ल्यू) के एनसीसी कैडेट्स ने और श्री महंत शिवदास उदासीन इंटर कॉलेज सादात के योग शिविर में प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह यादव के निर्देशन में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर बीडीओ डॉ. सरजीत सिंह, पशु चिकित्सक प्रशांत कुमार, सीएम फेलो डॉ. बृजेश कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं कृष्ण सुदामा ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूशन मरदापुर (सादात), बहरुल उलूम बहरियाबाद, लालसा इंटरनेशनल स्कूल रायपुर और सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद में भी प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। राजकीय यूनानी चिकित्सालय बहरियाबाद व यूनानी चिकित्सालय भीमापार में प्रभारी चिकित्सक डॉ. आतिया खान के निर्देशन में लोगों ने प्राणायाम और योगासन का अभ्यास किया।

   इसी प्रकार भारत विकास परिषद गाज़ीपुर व महिला पतंजलि योग समिति गाजीपुर की ओर से आदर्श पैलेस सरैयां में स्वामी विवेकानंद व भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन तथा दीप प्रज्ज्वलन कर योग कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। योग शिक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया।

       भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में जनपद के सभी 34 मंडलों में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग प्रशिक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Views: 28


Leave a Reply