डंपर की टक्कर से बाइक सवार चाचा भतीजे ने तोड़ा दम
गाजीपुर। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार चाचा भतीजे की दुखद मौत हो गई। यह हादसा सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के समीप गुरुवार को हुआं। डम्फर की तेज टक्कर से बाइक सवार भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल चाचा के अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उनको भी मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की से पहचान बहरियाबाद थाना क्षेत्र के सलेमपुर बघाईं गांव निवासी संदीप यादव (23 वर्ष) पुत्र रामजी यादव तथा उनके चाचा मनोज यादव (38 वर्ष) पुत्र सत्यनारायण यादव निवासी गण सलेमपुर बघाईं थाना बहरियाबाद, गाज़ीपुर के रूप में की गई। घटना के बाद डंपर चालक डंपर को बहरियाबाद में सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वहां से डंपर को कब्जे में ले लिया।
बताया गया कि, मनोज यादव और संदीप यादव गुरुवार को बाइक से सादात की ओर जा रहे थे। जब उनकी बाइक सादात क्षेत्र के टांड़ा चट्टी के पास पहुंची, तभी मजुई से बहरियाबाद की तरफ जा रहे तेज़ रफ़्तार अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर दूर जाकर गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। ग्रामीणों की सूचना पर सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सड़क किनारे मृत पड़े संदीप यादव के शव को कब्जे में ले लिया और घायल मनोज यादव को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सक ने मनोज को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सलेमपुर बघाईं गांव में कोहराम मच गया।अस्पताल संदीप की मां माधुरी देवी, बहन रुचि यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों के करुण क्रंदन से लोगों की आंखें नम हो गयीं। वहीं मृतक मनोज यादव की पत्नी और परिवार के लोग रोते बिलखते सादात थाने पहुंच गये। उनके चित्कार से पूरा माहौल गमगीन रहा।
उधर मनोज यादव के शव जिला अस्पताल रेफर किए जाने की बात कहते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर असंतोष जताया और बहरियाबाद में पकड़े गए डंपर और मृतक मनोज के शव को सादात थाने में लाने की जिद करते हुए तहरीर देने से मना कर दिया। सूचना पर थाने पहुंचे सीओ रामकृष्ण तिवारी ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद तहरीर लेकर पुलिस ने दुर्घटना कारित करने वाले ट्रक और चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Views: 66








