सुविधा शुल्क का खेल कोई पास कोई फेल
रिश्वत न देने पर नहीं मिला जमीन पर कब्जा
गाजीपुर। जखनियां तहसील की एक महिला ने राजस्व विभाग की प्रताड़ना से तंग आकर उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप कर उसकी जमीन पर कब्जा दिलाने की अपील की है। उन्होंने तहसील के लेखपाल और राजस्व कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर दस हजार रुपए की रिश्वत मांगने और पैसा न देने पर जमीन पर कब्जा न दिलाने का आरोप लगाया है। पीड़िता महिला ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी जखनियां को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बताया गया कि बभनौली हंसराजपुर निवासी पूनम देवी पत्नी राजकुमार वर्मा की भूमि ग्राम सभा रंजीतपुर में स्थित है, जिसकी आराजी संख्या 141 और 142 है। उन्होंने इन संयुक्त आराजियों से एक बिस्सा भूमि की रजिस्ट्री कराई है। वह उसी भूमि पर अपना मकान बनवाना चाहती हैं, लेकिन संबंधित लेखपाल और कानूनगो द्वारा जानबूझकर कब्जा नहीं दिलाया जा रहा है और टालमटोल कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। पीड़िता पूनम देवी का कहना है कि सम्बन्धित कर्मचारियों द्वारा इस मामले में थस हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई है। कहा गया है कि पैसा न देने पर वे मौके पर नहीं जाएंगे।”
पीड़िता पूनम देवी ने इस मामले में जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों का प्रशासन और शासन व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा। पीड़िता का कहना है कि वह जिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की हकीकत से अवगत कराते हुए न्यायोचित कार्रवाई की मांग करेंगी। यदि फिर भी मामले का उचित निस्तारण नहीं किया गया तो वह इस मामले को मुख्यमंत्री दरबार तक ले जाएंगी।
Views: 71








