जाको राखे साइयां मार सके ना कोय ….
स्नान के दौरान डूबते दम्पत्ति को पीएसी बाढ़ राहत दल ने बचाया
गाजीपुर। कहा गया है कि मारने वाले से बचाने वाला बड़ा होता है, इसे सिद्ध किया है गाजीपुर जिले में गंगा नदी के ददरी घाट पर तैनात पीएसी बाढ़ राहत दल के जवानों ने। माघ पूर्णिमा पर स्नान के दौरान गंगा में डूबते पति-पत्नी को पीएसी बाढ़ राहत दल ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सकुशल बाहर निकाला।
बताते चलें कि माघी पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए शहर के ददरीघाट पर रविवार को रात से ही स्नानार्थियों की भीड़ लगी थी। सुबह भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे। पुण्य लाभ की कामना से नगर के बड़ी बाग निवासी अमर ओझा अपनी अर्धांगिनी सुषमा ओझा के साथ स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान ही सुषमा ओझा का पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में जा पहुंची। अचानक पत्नी को डूबता देख उनके पति अमर ओझा भी बचाने के लिए गंगा में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों असंतुलित होकर डूबने लगे। यह देख घाट पर चीख-पुकार मच गई और एक पल के लिए वहां मौजूद श्रद्धालुओं की सांसें थम सी गईं। तभी मौके पर तैनात 34वीं बटालियन पीएसी की 13 सदस्यीय बाढ़ आपदा राहत टीम के जवान लाल यादव और सोनू कुमार वर्मा ने बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगा दी । इसके साथ ही स्थानीय नाविक और गोताखोर भी रेस्क्यू में सहयोगी बन गंगा में कूद पड़े। प्लाटून कमांडर मुख्तार यादव के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल योगानंद मिश्रा, लांस नायक दिलीप कुमार सिंह सहित पूरी टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए दोनों को सुरक्षित गंगा में से बाहर निकाला। नदी से बाहर निकल कर सुषमा ओझा ने भावुक होकर कहा कि अगर समय पर मदद न मिलती तो किसी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था। उन्होंने पीएसी जवानों और स्थानीय गोताखोरों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
Views: 78








