हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस
गाजीपुर। जिले में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धुमधाम से मनाया गया। सभी सरकारी, अर्धसरकारी, सहकारी कार्यालयों, शिक्षण व तकनीकी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर झण्डारोहण कर राष्ट्र और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली गयी। इस अवसर पर प्रभातफेरी, साइकिल रेस तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्र के अमर सपूतों को याद किया गया।

इसी क्रम में पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस अत्यंत गौरव और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री उ.प्र. ओमप्रकाश राजभर द्वारा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। परेड की कमाण्ड , परेड कमाण्डर क्षेत्राधिकारी लाइन शुभम वर्मा व क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि द्वारा किया गया। परेड में नागरिक पुलिस, महिला पुलिस, यातायात पुलिस व शस्त्र तथा झांकियों में मोटरसाइकिल दस्ता, डायल 112, फोरेन्सिक टीम, स्वाट टीम, वायरलेस विभाग, अग्निशमन दल, दंगा नियंत्रण बल व पुलिस क्रेन शामिल रही। मुख्य अतिथि द्वारा सामाजिक एवं जन उपयोगी कार्य किये जाने हेतु प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये 12 पुलिसकर्मियों को अति उत्कृष्ट सेवा पदक, 13 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक तथा 70 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर जनपद के न्यायिक, प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी व जनता के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। रैतिक परेड का दर्शकगण द्वारा तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया गया।
वहीं इससे पूर्व कलेक्ट्रेट में 77वां गणतन्त्र दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने ध्वजारोहण कर उपस्थित सभी को एकता और अखंडता की शपथ दिलायी। इसके उपरान्त स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितो को मार्ल्यापण के साथ अंगवस्त्रम व मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने देश के महान विभूतियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियो के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए विस्तृत रूप जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन मे कहा कि हम लोगो को संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा एवं भक्ति रखनी चाहिए। हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हो सका। समानता का अधिकार हमे संविधान से ही प्राप्त है। समानता है तो इसी मे शान्ति है। हमारा देश विविधताओ वाला देश है इतने बडे़ विविधता वाले देश को एक सूत्र मे पिरोये रखना ये बहुत बड़ी समस्या थी परन्तु यह सब संविधान से ही संभव हो सका।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने शास्त्री नगर चौराहा स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर मार्ल्यापण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। गणतंत्र दिवस समारोह में अपर जिलाधिकारी वि.रा. दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार पाठक, डिप्टी कलेक्टर चन्द्रशेखर यादव, डिप्टी कलेक्टर पुष्पेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री निधि एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण, कलेक्ट्रेट के कर्मचारीगण, स्वतन्त्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे।

Views: 59









