वाराणसी जाने से रोकने पर टोल प्लाजा पर सांसद व विधायक बैठे धरने पर
गाजीपुर। गोरखपुर वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के बिरनो थाना क्षेत्र के डांड़ी बिरनो टोल प्लाजा के पास बलिया के सांसद सनातन पांडेय पुलिस द्वारा रोके जाने से क्षुब्ध होकर धरने पर बैठ गए। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा के पास प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बताया गया कि बनारस में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा टूटने की घटना के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा गठित समिति के सदस्य सांसद सनातन पांडेय 25 जनवरी को वाराणसी के माणिकर्णिका घाट जा रहे थे। जब वे डांड़ी टोल प्लाजा पहुंचे तो प्रशासन ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस पर सांसद अपने समर्थकों के साथ वहीं धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलते ही सपाईयों में उबाल आ गया। देखते ही देखते सपा कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर जुटने लगे। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे सपाजनों के साथ ही साथ जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, सदर विधायक जय किशन साहू, जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह सहित अनेकों नेतागण धरने में शामिल हो गये। आक्रोशित भीड़ सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए जब पैदल ही वाराणसी की ओर बढ़ने लगी तो पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इससे पुलिस और सपा नेताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, महेंद्र चौहान, जय हिंद यादव, अभिषेक कुशवाहा पंकज, अंशु यादव,सचिन यादव, शैलेश कुशवाहा, राजेशयादव, राजेंद्र यादव , अविनाश विद्यार्थी, आशा यादव, रैना मिश्रा, अनीता, पूजा गौतम, गुड्डू यादव, नरेंद्र यादव, उमा यादव, रंजीत यादव, धर्मेंद्र यादव, पूर्व ग्राम प्रधान अशोक यादव बाढ़ू यादव आदि प्रमुख रहे।
Views: 51









