बाइक सवार हमलावर ने युवक को गोली से उड़ाया
गाजीपुर। रविवार की शाम बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर एक युवक को मौत की नींद सुला दिया। यह दुस्साहसिक घटना कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बेलसड़ी और गेहूड़ी गांव के मध्य स्थित देई मां मंदिर के पास घटी। गोली की आवाज सुन जब तक ग्रामीण देई मां मंदिर के पास पहुंचे तब तक हमलावर वहां से चम्पत हो चुके थे और मौके पर बेलसड़ी निवासी दीपक राजभर (25वर्ष) लहुलुहान हालत में मृत पड़ा था। गोली उसके सिर और सीने पर लगने की चर्चा लोगों की जुबान पर रही। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां बीयर की दो और अंग्रेजी शराब की एक खाली बोतल, दो गिलास, पानी का एक खाली बोतल और नमकीन का पैकेट मिला। पुलिस ने मृतक के पैंट के जेब से मोबाइल फोन बरामद कर आस पास के क्षेत्र से साक्ष्य संकलन किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने की कार्रवाई में लग गयी।
प्रभारी निरीक्षक निरीक्षक राजनारायण ने परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर बताया कि रविवार को दीपक राजभर घर पर था, तभी उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। उससे बात करने के बाद दीपक पैदल ही बेलसड़ी चट्टी पर पहुंच गया। पता चला कि बेलसड़ी चट्टी पर एक नकाबपोश बाइक सवार आया और दीपक उसकी बाइक पर बैठकर कासिमाबाद-मरदह मार्ग की ओर चला गया था। इसके बाद देर शाम गोली की आवाज पर जब लोग वहां पहुंचे तो दीपक की हालत देखकर सन्न रह गए। घटना स्थल पर तथ्य संकलन में जूटे उपनिरीक्षक मुहम्मद अतहर ने बताया कि दीपक राजभर सीने और सिर में गोली लगी थी। साथ क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि ने बताया कि युवक की नकाबपोश अज्ञात हत्यारे ने गोली मारकर हत्या की है। घटना स्थल पर मिली सामग्रियों की छानबीन के साथ ही हत्या के कारणों की तलाश की जा रही है।
Views: 42









