गहमर तिहरे हत्याकांड पर मानवाधिकार आयोग ने दिखाई सख्ती
एडीजी पुलिस को सौंपी गयी मामले की जांच
गाजीपुर। जिले के गहमर थाना क्षेत्र के गहमर गांव के अंतर्गत खेलूराय पट्टी में 24 दिसंबर 2025 की रात हुए तिहरे हत्याकांड पर संज्ञान लेते हुए राज्य मानवाधिकार आयोग ने इसे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन माना है। आयोग ने वाराणसी जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक को मामले की जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। आयोग ने यह निर्देश मानवाधिकार कार्यकर्ता एवं चंदौली के अधिवक्ता खालिद वकार आबिद के आवेदन पर दिया है।
बताते चलें कि यह दुस्साहसिक घटना 24 दिसंबर 2025 की रात जन्मदिन कार्यक्रम से वापस लौट रहे तीन युवकों के साथ घटी। घात लगाए करीब एक दर्जन हमलावरों ने तीन युवकों विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह को दौड़ा दौड़ा कर धारदार हथियारों से बेरहमी से मारकर हत्या कर दी। बेख़ौफ़ हत्यारों ने तीनों युवकों के शव को तालाब में फेंक दिया था।
घटना के दुसरे दिन तालाब से विक्की सिंह और सौरभ सिंह का शव बरामद हआ। पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी बैभव कृष्ण ने मौका मुआयना कर पुलिस अधीक्षक और विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। काफी प्रयास के बाद 30 दिसंबर को उसी तालाब से अंकित सिंह का शव भी बरामद किया गया। पोस्टमार्टम में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर घातक वार की पुष्टि हुई थी।
उस हत्याकांड में एक दर्जन से अधिक हमलावरों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसमें से अबतक पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है जबकि अन्य हमलावर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
आवेदक ने शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी करने, दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की गई है। राज्य मानवाधिकार आयोग द्वारा मामले को संज्ञान में लेने और निर्देश जारी करने से जहां पीड़ित परिवारों को न्याय की आस जगी है, वहीं दूसरी तरफ जनपदवासियों की नजरें भी प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Views: 108









