प्रख्यात चिकित्सक डॉ आर पी शर्मा  सम्मानित

गाजीपुर। शारदा ज्योति समाज संस्था का वार्षिकोत्सव राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में संपन्न हुआ। विगत 29 वर्षों से साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में कार्यरत संस्था का सर्वोच्च सम्मान चिकित्सा के क्षेत्र में विख्यात चिकित्सक आर पी शर्मा को दिया गया। संस्था का दूसरा बड़ा सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत द पी आई एस की प्रधानाचार्या जाह्नवी पाटिल को दिया गया। 


     कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पी जी कॉलेज की प्रो. शिखा तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि, छात्रों को निर्भय होकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करना चाहिए। हमें सत्य पर डटे रहकर अपने सर्वांगीण विकास के लिए सदैव उद्यत रहना चाहिए। उन्होंने छात्रों को न्याय का संरक्षण और अन्याय का विरोध करनेकी सीख दी। 

      सारस्वत अतिथि डॉ माधव कृष्ण ने कहा कि रुकना जीवन नहीं है, रुकने वाले जीवित नहीं हैं और रोकने वाले मित्र नहीं हैं। इसलिए चरैवेति चरैवेति के मंत्र को अपनाकर प्रत्येक छात्र को निरंतर प्रगति के लिए प्रयास करना चाहिए। यदि बंधनों से और बाधाओं को स्वीकार करना ही शिक्षा है तो बाबा साहेब और नेता जी जैसे महापुरुषों ने कभी दलित मुक्ति और राष्ट्र मुक्ति के लिए संघर्ष नहीं किया होता।

      संस्था के सचिव दिनेश्वर दयाल ने वर्ष भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का लेखा जोखा रखते हुए सभी का स्वागत किया। डॉ आर पी शर्मा ने कहा कि, छात्रों को अकादमिक शिक्षा के साथ साथ व्यावहारिक शिक्षा की जरूरत है, ताकि वे मनुष्य बनें। परोपकार, दया और सहयोग की भावना अपने में विकसित करें।

     इस अवसर पर विविध क्षेत्रों के प्रेरक व्यक्तित्वों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

    राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रागिनी श्रीवास्तव, संस्था के अध्यक्ष डॉ सुधीर कुमार व मंचासीन अतिथियों ने  विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया और आराध्या तिवारी को गुरु ज्योति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Views: 43

Advertisements

Leave a Reply