ट्रक की चपेट में आकर छात्रा की मौत 

गाजीपुर। सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद में पढ़ने जा रही कक्षा छह की छात्रा श्रेया चौहान (12 वर्ष) की मंगलवार को ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।


        यह घटना बहरियाबाद थाना क्षेत्र के सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद के समीप हुई। बताया गया कि नादेपुर निवासी चंद्रकेश चौहान की इकलौती पुत्री श्रेया साइकिल से उसी विद्यालय में पढ़ने जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही विद्यालय के छात्र-छात्रा आक्रोशित हो गए और शिक्षकों के साथ सुबह नौ बजे विद्यालय के सामने ही सड़क जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे तक चला जाम उपजिलाधिकारी जखनियां अतुल कुमार के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। 

         एसडीएम ने मृतका के परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजा और आवास दिलाने के साथ ही विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर बनवाने और सीसी टीवी कैमरे लगवाने तथा छुट्टी के समय पुलिस निगरानी की व्यवस्था का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन समाप्त हुआ। वहीं बहरियाबाद पानी टंकी तिराहा के पास बैठे मृतका के परिजनों ने ग्रामीणों संग फिर से सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी डीएम और एसपी को घटनास्थल पर बुलाने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, दस लाख रुपये मुआवजा और जमीन का आवंटन करने की मांग कर रहे थे। 

        उपजिलाधिकारी अतुल कुमार और पुलिस उपाधीक्षक सैदपुर रामकृष्ण के समझाने बुझाने के बाद दोपहर करीब पौने एक बजे समाप्त हुआ। 

    बहरियाबाद थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत छात्रा के पिता चंद्रकेश उर्फ चंदू चौहान की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

          धरना प्रदर्शन में नवीन चौहान, शिवपूजन चौहान, शैलेश चौहान, रविन्द्र चौहान, आशीष सोनकर, जितेन्द्र, हंसराज, अजय भारती, शशि चौहान, दिनेश चौहान रहे। धरना प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बहरियाबाद, सैदपुर, खानपुर व सादात थाने की पुलिस मौजूद रही।

         इसके उपरांत कॉलेज के प्रबंधक अजय सहाय और प्रधानाचार्य राम प्रकाश राम ने शिक्षकों व छात्रों के साथ शोक सभा कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना की।

Views: 24


Leave a Reply