दस हजार रूपए घूस लेते लेखपाल रंगेहाथ गिरफ्तार


गाजीपुर। जमीन के दाखिल खारिज पर आख्या लगाने के नाम पर 10 हजार रुपये घूस लेते हुए एक लेखपाल को सतर्कता अधिष्ठान टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता टीम ने यह कार्रवाई दिलदारनगर रेलवे स्टेशन के समीप स्थित एक चाय की दुकान में की। कार्रवाई के दौरान दुकान पर काफी लोग मौजूद थे। टीम के लोग आरोपित को पकड़कर सुहवल थाने लाये, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
बताते चलें कि सुहवल क्षेत्र के अन्हारीपुर गांव निवासी कमलेश पाल पुत्र प्रेमसागर ने जमानियां तहसील में तैनात हल्का लेखपाल प्रभाकर पाण्डेय पुत्र स्व. सर्वदेव पाण्डेय निवासी शिवपुर थाना शिवपुर जिला वाराणसी के विरुद्ध
एंटी करप्शन कार्यालय वाराणसी में शिकायत दर्ज कराई थी कि लेखपाल प्रभाकर पाण्डेय जमीन दाखिल खारिज के कागजात पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर उनसे दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
इस शिकायत की पुष्टि हेतु एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक सूर्यप्रताप सिंह, नीरज सिंह, राजेश यादव, मैनेजर सिंह, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र कुमार राय, विनोद कुमार, कांस्टेबल अजीत सिंह, आशीष शुक्ला, अश्वनी पाण्डेय मौके पर पहुंचे। दिलदारनगर स्टेशन के समीप स्थित एक चाय की दुकान पर लेखपाल ने शिकायतकर्ता को बुलाया और घूस के पैसे की मांग की। शिकायतकर्ता ने घूस के दस हजार रुपए लेखपाल को दिया। जैसे ही लेखपाल ने रुपये अपने हाथ में लिया ,उसी समय एंटी करप्शन टीम ने उसे घूस के रुपयों सहित रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके पर वहां काफी भीड़ जुट गई, घूसखोर लेखपाल के चिखने -चिल्लाने के बावजूद टीम लेखपाल को लेकर सुहवल थाने पहुंची और वहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एंटी करप्शन टीम के कार्रवाई की चर्चा तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों में चलती रही।


Views: 9

Advertisements

Leave a Reply