हादसा ! गिरा कोलकाता का माझेरहाट फ्लाईओवर
कोलकाता (पश्चिम बंगाल),04 सितम्बर 2018। दक्षिण कोलकाता के माझेरहाट फ्लाईओवर का एक हिस्सा टूटकर गिरने से जहां एक व्यक्ति की मौत हो गयी वहीं कई लोग मलवे में दबकर जख्मी हो गये।घटना संध्या करीब पौने पांच बजे घटी। इस सम्बंध में राज्य मंत्री फरहद हकीम ने बताया कि हादसे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है । 6 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुल 40 साल पुराना था । हादसे में एक व्यक्ति के मरने और उन्नीस लोगों के घायल होने की खबर रही और सर्च ऑपरेशन जारी है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि पहले बचाव कार्य किया जाएगा, बाद में हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर बचाव व राहत कार्य में लगी हुई हैं। वहीं हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सबसे अहम है घटनास्थल पर बचाव कार्य शुरू करना और यह सुनिश्चित करना कि सभी लोग सुरक्षित रहें। उत्तर बंगाल से आने वाले लोगों के लिए अब कोई रास्ता नहीं है। हमारी प्राथमिकता सभी को सुरक्षित निकालने की है।इसके लिए सारे प्रबन्ध किये गये हैं।
Views: 4









