युगलबंदी! नये गुल खिला सकती है शिवपाल यादव व ओमप्रकाश राजभर की मुलाकात

वाराणसी (उत्तर प्रदेश),15 जून 2018। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र का तापमान आज शुक्रवार को भयंकर गर्मी के साथ काफी गर्म रहा। सूरज की गर्मी से बढ़ा तापमान आज अचानक सपा नेता शिवपाल यादव व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की भेंट के बाद अचानक उबल पड़ा। हालांकि सर्किट हाउस में हुई इस भेंट को उन्होंने शिष्टाचारिक भेंट बताया परन्तु राजनीतिक गलियारों में इस पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। बताया गया कि राज्य के पिछड़ा कल्याण व विकलांग कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर आज वाराणसी में मौजूद थे, उसी बीच सर्किट हाउस में शिवपाल यादव ने उनसे भेंट की। पता चला कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर व सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने बंद कमरे में करीब दस मिनट तक वार्ता की और जाते समय शिवपाल यादव ने ओमप्रकाश राजभर से हाथ मिला कर कहा कि अगली भेंट फिर जल्दी होगी। ज्ञातव्य है कि यूपी विधानसभा चुनावों के बाद शिवपाल यादव सपा में उपेक्षित चल रहे हैं। मुलाकात के दौरान दोनों के गर्मजोशी से मिलने से भाजपा के साथ सपा में भी हलचल बढ़ गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे यूपी की राजनीतिक घेराबंदी के रुप में देख रहे हैं कि कहीं यह 2019 के पहले सियासी समीकरण बदलने की कोशिश की रणनीति तो नहीं है।


Views: 4

Advertisements

Leave a Reply