पर्यावरण संरक्षण हेतु संस्थाओं में हुआ पौधरोपण
गाजीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशानुसार, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपड़ अभियान के अन्तर्गत जनपद न्यायालय परिसर में जनपद न्यायाधीश धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों द्वारा पौधारोपण किया गया। जनपद न्यायाधीश ने कहा कि ये वृक्ष आक्सीजन प्रदान कर पर्यावरण को शुद्ध रखने में मदद करते हैं। इसी उद्देश्य से पेड़ लगाये है वो मॉ को समर्पित हैं। इस अवसर पर समस्त न्यायिक अधिकारी गण, जिला वन अधिकारी सहित वन विभाग के पदाधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
वहीं जिला गंगा समिति व सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के सहयोग से ‘‘एक पेड मॉ के नाम‘‘ कार्यक्रम के अन्तर्गत वृहद पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गोष्ठी महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा आम, अमलतास, जामुन, गुलमोहर, नीम आदि के 150 से अधिक पौधे रोपित किए गए। प्रभागीय निदेशक अजीत प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं पौध भेंट कर किया। उन्होंने कहा, नमामि गंगे मिशन का लक्ष्य केवल गंगा की निर्मलता नहीं, बल्कि उसके किनारों को हरा-भरा बनाना भी है। एक पेड़ सौ पुत्रों के समान होता है। जिला गंगा समिति का प्रयास है कि हर नागरिक इस मुहिम से जुड़े।
भाजपा नेता अभिनव सिन्हा ने कहा, प्रधानमंत्री जी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘मिशन लाइफ’ अभियान को हमें जन-आंदोलन बनाना होगा। प्रधानाचार्य राजकीय मेडिकल कॉलेज डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए स्वस्थ पर्यावरण पहली शर्त है। वायु प्रदूषण से सांस और हृदय रोग बढ़ रहे हैं। पेड़ ही प्राकृतिक वेंटिलेटर हैं। मेडिकल कॉलेज का हर छात्र आज से एक पौधे का अभिभावक बनेगा। गोष्ठी में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने पोस्टर एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। अंत में उपस्थित सभी लोगों द्वारा सामूहिक रूप से गंगा एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गयी। आभार ज्ञापन क्षेत्रीय वन अधिकारी आदित्य यादव ने तथा संचालन जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने किया।
इसी क्रम में समता पीजी कॉलेज सादात में प्राचार्य एवं शिक्षकों द्वारा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण को मजबूती प्रदान की गयी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पीयूष वर्मा ने वृक्षारोपण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष न केवल तापमान को नियंत्रित करते हैं और मृदा अपरदन (मिट्टी के कटाव) को रोकते हैं, बल्कि हमें फल, लकड़ी और बहुमूल्य औषधियां भी प्रदान करते हैं। डॉ. वर्मा ने पर्यावरण संरक्षण को ‘जन आंदोलन’ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण को पूरी निष्ठा से पूरा करने की शपथ दिलाई गई। कॉलेज के सभी शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अपनाज्ञ योगदान दिया।
इसी प्रकार श्रीराम कृपा मानव सेवा ट्रस्ट के तत्वाधान में वृक्षारोपण एवं सुंदरकांड पाठ तथा युवा जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ट्रस्ट की अध्यक्ष आराधना सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। एक वृक्ष केवल छाया या ऑक्सीजन ही नहीं देता, बल्कि वह जीवन, संस्कार और भविष्य की सुरक्षा का प्रतीक है।समाज का भविष्य तभी सुरक्षित होगा जब युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर सेवा, संस्कार और समर्पण का मार्ग अपनाएंगे।
इस अवसर पर महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गाजीपुर के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आनंद मिश्रा, डॉ. एम.डी. सिंह, डॉ. सी.पी. सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी धनंजय सिंह, आईएएस अधिकारी अखंड प्रताप सिंह के परिवारजन तथा विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं चिकित्सा संस्थानों से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Views: 7









