पत्रकारिता मिशन है, व्यवसाय नहीं 

मशहूर पत्रकार उपेन्द्र राय पत्रकारिता शिखर सम्‍मान से सम्मानित 


दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को संगठनों ने किया सम्मानित 

गाजीपुर। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर  पत्रकार संगठनों ने विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर ससमारोह हिन्दी पत्रकारिता दिवस मनाया।  

      सर्वप्रथम गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के सभागार में हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर “हिन्दी पत्रकारिता प्रारंभ से आज तक” विषयक गोष्ठी में संस्था के सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किये। अनिल उपाध्याय ने प्रथम हिन्दी समाचार पत्र उतण्ड मार्तण्ड के प्रकाशन पर प्रकाश डालते हुए हिन्दी पत्रकारिता के दो सौ वर्ष पूर्ण होने पर पत्रकारों को बधाई दी। डा.ए.के. राय ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता में 1826 से लेकर अबतक कई आमूल-चूल परिवर्तन हुये हैं। आज पत्रकारिता का दायरा बड़ा हो गया है। आज पत्रकार जनता और समाज की समस्याओं को अपनी बेबाक लेखनी से उजागर कर सामाजिक सुरक्षा और आम जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिये निरन्तर प्रयत्नशील है। ऐसे पत्रकार सम्मान के पात्र हैं। पत्रकारों के कार्याे को देखते हुए शासन से सुरक्षा और सहयोग मिलना चाहिये। संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि हमलोगों ने पत्रकारिता का वो दौर देखा है जब लोगों की सुबह अखबार से शुरू होती थी और शासन-प्रशासन अखबार में छपी खबरों का संज्ञान लेता था और समस्याओं का समाधान कराता था। सूर्यवीर सिंह ने बताया कि आज हम पत्रकारिता के कठिन दौर में हैं और हमारे सामने चुनौतियां अधिक हैं। सोशल मीडिया के दौर में खबरों को लेकर सतर्क रहना जरूरी है। हिन्दी पत्रकारिता दिवस हम सभी के लिये गौरव और आत्ममंथन का अवसर है। संचालन आशुतोष त्रिपाठी और अध्यक्षता सूर्यवीर सिंह तथा संचालन आशुतोष त्रिपाठी ने किया।

     वहीं जर्नलिस्ट काउन्सिल ऑफ इंडिया के बैनर तले मिश्र बाजार में आयोजित कार्यक्रम में जेसीआई के राष्ट्रीय सलाहकार डा. ए. के. राय द्वारा आज समाचार पत्र के जिला प्रतिनिधि अरण कुमार तिवारी, हिन्दुस्तान संदेश के हिमांशु राय तथा समाचार भारत के रमेश कुमार सोनी को उनके पत्रकार हितार्थ समर्पण के लिए सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने पत्रकारिता को व्यवसाय न बनाने और मिशन के रूप में संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

        इसी क्रम में उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन( उपजा) के कचहरी स्थित कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने आज की पत्रकारिता एवं आज से 200 वर्ष पूर्व हिन्दी पत्रकारिता  को संदर्भित करते हुए अपना-अपना विचार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि डॉक्टर विजेंद्र प्रताप सिंह ने आज की पत्रकारिता के साथ साथ रामायण काल, महाभारत  आदि समय की पत्रकारिता पर अपना विचार रखते हुए पत्रकारों की एकता एकजुटता पर बल दिया। कार्यक्रम में पत्रकार स्व.राजरूप शुक्ला के पुत्र सोनू को सम्मानित किया गया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष उधम सिंह व संचालन राजेश सिंह ने किया।

       वहीं प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने वरिष्ठ समाज सेविका श्रीमती मीरा राय के मुख्य आतिथ्य और प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा की उपस्थिति में वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और पत्रकारों के हितों पर खुलकर अपनी बात रखी। वक्ताओं ने सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की।  कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता जगत की तमाम हस्तियों को उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह व अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने किया।

    इसी क्रम में गाजीपुर प्रेस क्‍लब द्वारा एमएलसी विशाल सिंह चंचल के मुख्य आतिथ्य में शहर के होटल द ग्रेंड पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में मशहूर पत्रकार व भारत एक्‍सप्रेस न्‍यूज नेटवर्क के सीएमडी एवं एडिटर इन चीफ उपेंद्र राय को पत्रकारिता शिखर सम्‍मान से सम्‍मानित किया गया। क्‍लब की ओर से जिले के दिवंगत पत्रकार सिद्धांत तिवारी, राजीव सिंह, विजय कुमार, शिवलोचन राजभर एवं सत्‍येंद्र शुक्‍ला के परिजनों को स्‍मृति चिन्‍ह, अंगवस्‍त्र एवं उपहार प्रदान कर सम्‍मानित किया। अन्त में अध्‍यक्ष शिवकुमार ने सभी के प्रति आभार व्‍यक्‍त करते हुए संस्‍था के सदस्‍यो को शुभकामनाएं दी।

      इसी प्रकार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन द्वारा शहर के अति प्राचीन पुस्तकालय, वाचनालय मिश्रबाजार में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने पत्रकारिता के नाम पर हो रही समाज को कंलकित करने वाली घटनाओं व हरकतों पर अंकुश लगाने के लिये विचार विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार सिर्फ सूचना का माध्यम होता है इसे व्यवसाय में परिवर्तित करना पत्रकार समाज का अपमान है। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय पार्षद व जिलाध्यक्ष पदमाकर पाण्डेय ने बताया कि उतण्ड मार्तण्ड अखबार शुरू कर जुगलकिशोर शुक्ल ने देश में पत्रकार समाज का स्थायी सम्मान सुनिश्चित करने का काम किया था और पिछले दशक तक पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता था। आजकल तमाम ऐसे लोग है जो पत्रकारिता की आड़ में घिनौना खेल खेलते हैं इससे मीडिया संस्थान व पत्रकार शर्मशार हो जाते हैं। वहीं अन्य वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को अपना सम्मान सुरक्षित रखने के लिये अपने कार्य को पारदर्शिता से करना होगा।

Views: 0


Leave a Reply