एजेंसी द्वारा मनमाने ढंग से गैस सिलेंडर की आपूर्ति पर हंगामा
गाजीपुर। नगर पंचायत सादात स्थित भाग्यलक्ष्मी इंडेन गैस एजेंसी पर एजेंसी द्वारा मनमानी के विरोध में मंगलवार को उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। रसोई गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों ने एजेंसी पर मनमाने तरीके से सिलेंडर वितरण किए जाने का आरोप लगाते हुए हल्ला मचाया। हंगामें की सूचना पर पहुंची एजेंसी पर हंगामा की सूचना पर सादात थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र राम मिश्रा और उप निरीक्षक हरिहर मिश्रा हमराही संग एजेंसी पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर अपनी निगरानी में सिलेंडर का वितरण कराया।
उपभोक्ताओं का कहना रहा कि इस गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान करने के बावजूद बीते चार अप्रैल से ही डीएसी नम्बर नहीं आ रहा है। इसके कारण उपभोक्ताओं को दस दिनों से सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना था कि एजेंसी द्वारा काफी संख्या में सिलेंडर की डिलेवरी खारिज नहीं किए जाने से डीएसी जारी नहीं हो रहा था। एजेंसी की इस लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को हफ्तों से परेशानियां उठानी पड़ रही थी और घरों में खाना बनाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
दस दिन बाद डीएसी जारी होने के बाद मंगलवार की सुबह एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे पहाड़पुर निवासी विजय प्रकाश चौबे, ख़ुटहीं के विनोद सिंह, सादात के विवेक जायसवाल, नील कमल जायसवाल, अनिल कुमार जायसवाल, आरती देवी, सुभावती, आशा, नगमा, शन्नो, विजय, राजेश, महेंद्र, प्रदीप सहित दर्जनों उपभोक्ताओं ने कहा कि एजेंसी द्वारा मनमाने ढंग से सिलेंडर वितरण किया जा रहा है। उनका कहना रहा कि सुबह से ही कतार लगाने के बावजूद उनका पासबुक लेकर रख लिया गया और बाद में आने वाले लोगों को तुरंत सिलेंडर दे दिया गया।
उपभोक्ताओं का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा बार-बार कहा जाता है कि एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं को उनके घर पर सिलेंडर की डिलीवरी दी जाएगी, इसके लिए उन्हें एजेंसी पर जाने की जरूरत नहीं है लेकिन एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं के घर पर डिलीवरी देने के स्थान पर एजेंसी से भी सिलेंडर उपलब्ध कराने में आनाकानी कर रहे हैं। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष करते हुए इयत्ता से उपभोक्ताओं को उनके घर पर गैस सिलेंडर के डिलीवरी कराने की मांग की है।
Views: 6








