नये स्थान पर शराब की दुकान खोलने का ग्रामीणों ने किया विरोध
गाजीपुर। देशी शराब की दुकान खोले जाने पर सादात थाना क्षेत्र के मजुई गांव के लोगों ने जमकर विरोध किया। बुधवार की प्रातः ही मजुई गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने शादियाबाद – बहरियाबाद सड़क मार्ग पर नए स्थान पर खुल रहे देशी शराब की दुकान को वहां खोले जाने पर कस कर विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि मजुई चौराहे से सादात जाने वाले सड़क पर जहां वर्षों से यह दुकान चल रही है, वहीं इसे रहने दिया जाए। नए स्थान पर शराब की दुकान खुलने से यहां का माहौल खराब होगा।
इस संदर्भ में सेल्समैन दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि अनुज्ञापी दुर्गावती देवी के नाम से आवंटित इस दुकान के लिए आबकारी विभाग में इस नए स्थान का ही अभिलेख प्रस्तुत किया गया है, और वहां से स्वीकृति भी मिल चुकी है।
विरोध प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे सादात थाने के उपनिरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी ने एहतियात के तौर पर दुकान बंद कराकर सेल्समैन को कागजात लेकर थाने पर बुलाया। उन्होंने बताया कि जांच पड़ताल के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विरोध प्रदर्शन करने वालों में रोशन कुमार, राकेश यादव, मुन्ना राम, संतोष, रामबचन, आशा देवी, राधिका, मुन्नी, किरन, शांति, सुशील, बी.के. भारती, मनीष, नंदू राम, सिकंदर सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन शामिल रहे।
Views: 15








