बीएसए ने तीन प्रधानाध्यापकों का रोका वेतन

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने सोमवार को शिक्षा क्षेत्र सादात के चार प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीएसए को कई अनियमितताएं मिलीं तो उन्होंने तीन प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा। बीएसए की इस कार्रवाई से प्राथमिक विद्यालयों में हड़कंप मच गया।         


      बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय आसपुर, प्राथमिक विद्यालय आतमपुर छपरा, प्राथमिक विद्यालय परसनी तथा मुबारकपुर हरतरा स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कई अध्यापक शिक्षक संदर्शिका का उपयोग नहीं कर रहे थे और उनकी शिक्षक डायरी भी अपूर्ण रही तो वहीं कुछ छात्र बिना ड्रेस में मिले। इस पर प्रधानाध्यापक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। निरीक्षण में विद्यालयों की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों से संबंधित सामग्री के रखरखाव और स्टॉक पंजिका भी मौके पर प्रस्तुत नहीं की जा सकी।

       इन अनियमितताओं को देखते हुए बीएसए ने तीनों प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का वेतन रोकने का आदेश दिया और उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। कार्रवाई के बाद अन्य विद्यालयों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

Views: 65

Advertisements

Leave a Reply