होटल बना देह व्यापार का अड्डा, पुलिस ने किया सील
गाजीपुर। अनैतिक कार्य से धन कमाने की चाह में रेस्टोरेंट संचालक ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी और रेस्टोरेंट को देह व्यापार का अड्डा बना दिया। धीरे धीरे फैलती हुई यह बात प्रशासन तक जा पहुंची। जन चर्चा तो यहां तक है कि कई होटल व्यवसायी अनैतिक देह व्यापार के ऐसे कार्यों में लिप्त हैं और युगल जोड़ों को मात्र कुछ घंटे के लिए होटल के कमरे देकर तथा उनकी पहचान छिपाने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूल कर रहे हैं।
फ़रवरी माह के अंतिम दिन कोतवाली सदर को यह सूचना प्राप्त हुई कि आमघाट कॉलोनी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास स्थित एस.वी. होटल एंड रेस्टोरेन्ट के संचालक द्वारा रेस्टोरेन्ट के अंदर केबिन तैयार कर देह व्यापार के क्रम में युगल जोड़ों को बिना उनका पहचान पत्र प्राप्त किये हुए और बिना किसी अधिकारिता के स्थान उपलब्ध कराया जाता है और बदले में उनसे मोटी धनराशि की वसूली की जाती है।
उक्त सूचना के आधार पर राजपत्रित पुलिस अधिकारीगण व कोतवाली सदर टीम द्वारा मौके पर जाकर तलाशी ली गई तो रेस्टोरेंट में कुछ युगल केबिन से बाहर निकलते हुए मिले। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रेस्टोरेन्ट के प्रथम तल पर कई केबिन बने हुए हैं। जहाँ से तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक वस्तुएँ तथा कई रजिस्टर एवं अन्य अनधिकृत कागजात प्राप्त हुए। निरीक्षण के दौरान उपस्थित कर्मचारी ने पूछताछ पर बताया कि होटल के संचालक विशाल पाण्डेय एवं उनके सहयोगियों द्वारा इच्छुक लड़के लड़कियों से धनराशि प्राप्त कर रजिस्टर के बिना कोई इन्ट्री किये हुए तथा सम्बन्धित का बिना परिचय पत्र प्राप्त किये हुए उन्हें रेस्टोरेन्ट में निर्धारित अवधि के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाता है।
सार्वजनिक स्थान / सामान्यजनों के उपयोगार्थ आने वाले उक्त रेस्टोरेन्ट का उपयोग देह व्यापार जैसे अनैतिक कार्य के लिए किया जाना दण्डनीय अपराध है। इसके बाबत कोतवाली सदर में एस.वी.होटल एंड रेस्टोरेन्ट के संचालक विशाल पाण्डेय आदि के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही तथा होटल में तालाबंदी की गई।
Views: 158









