ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण में एसएमसी पदाधिकारियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
गाजीपुर। सादात बीआरसी परिसर में शुक्रवार को एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिवों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के अंतर्गत एसएमसी की संरचना, गठन प्रक्रिया, कार्यकाल एवं दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बाल अधिकार, अभिभावकों एवं समुदाय की सहभागिता तथा उनके योगदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास में एसएमसी अध्यक्ष की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना विद्यालयों का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर एसएमसी की 13 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित होती है और यदि पदाधिकारी प्रशिक्षित न हों तो योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन संभव नहीं हो पाता।
खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि एसएमसी की नियमित बैठक कर उपस्थिति की समीक्षा की जाए तथा यदि उपस्थिति 60 प्रतिशत से कम पाई जाए तो अभिभावकों के साथ बैठक कर कारणों की पड़ताल की जाए। उन्होंने समय पर यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें, जूते-मोजे, स्कूल बैग एवं स्वेटर के वितरण तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके अतिरिक्त हाउस होल्ड सर्वे में चिन्हित स्कूल से बाहर बच्चों के नामांकन एवं विशेष प्रशिक्षण की समीक्षा करने, बालिकाओं एवं दिव्यांग बच्चों से संबंधित योजनाओं पर विशेष ध्यान देने तथा मध्याह्न भोजन को निर्धारित मेन्यू के अनुसार संचालित कराने के निर्देश दिए गए। उपचारात्मक शिक्षण, खेलकूद सामग्री वितरण, पुस्तकालय संचालन एवं विद्यालय की रंगाई-पुताई जैसे कार्यों की जिम्मेदारी भी विद्यालय प्रबंधन समिति को सौंपी गई। इस अवसर पर प्रशिक्षक डॉ. रमाशंकर सिंह, पंकज यादव, नित्यानंद प्रकाश, संतोष कुमार सिंह, अजय विक्रम सिंह, सुभाष यादव, सतीश सिंह, विश्वास मणि सिंह, नीलम यादव, गरिमा यादव सहित ब्लॉक के एसएमसी पदाधिकारी एवं प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।
Views: 150









